Traffic Cop vs Railway Staff : भोपाल। राजधानी के कोलार इलाके में रविवार को एक शर्मनाक और हैरान करने वाली घटना सामने आई है, जहाँ डी-मार्ट के सामने ड्यूटी पर तैनात एक ट्रैफिक सिपाही और रेलवे महिला कर्मियों के बीच विवाद इतना बढ़ गया कि मामला हाथापाई तक पहुँच गया। बस रोकने को लेकर शुरू हुई मामूली बहस ने देखते ही देखते उग्र रूप ले लिया, जिससे सड़क पर अफरा-तफरी का माहौल बन गया।
क्या है पूरा मामला? मिली जानकारी के अनुसार, घटना कोलार डी-मार्ट के सामने की है। बताया जा रहा है कि वहां से गुजर रही रेलवे कर्मियों की एक बस को ट्रैफिक सिपाही द्वारा रोका गया था। इसी बात को लेकर सिपाही और बस में सवार महिलाओं के बीच पहले तीखी नोकझोंक हुई। देखते ही देखते विवाद इतना बढ़ गया कि ट्रैफिक सिपाही ने महिलाओं के साथ कथित तौर पर अभद्रता और मारपीट शुरू कर दी। जवाबी कार्रवाई में रेलवे की महिलाओं ने भी सिपाही पर हाथ उठा दिया, जिससे मौके पर भीड़ जमा हो गई।
थाने पहुँचा मामला इस घटना के बाद रेलवे कर्मियों की बस और उसमें सवार महिलाएं सीधे कोलार थाने पहुँचीं। भारी संख्या में पुलिस स्टेशन में रेलवे कर्मियों के जमा होने से वहां भी गहमागहमी का माहौल रहा। मामले की संवेदनशीलता को देखते हुए पुलिस अधिकारी पूरे घटनाक्रम की जानकारी ले रहे हैं। दोनों पक्षों की ओर से एक-दूसरे पर गंभीर आरोप लगाए गए हैं।
जाँच में जुटी पुलिस घटना का वीडियो सोशल मीडिया पर भी तेजी से वायरल हो रहा है, जिसमें दोनों पक्षों के बीच विवाद साफ देखा जा सकता है। पुलिस अब मौके पर लगे सीसीटीवी कैमरों की फुटेज खंगाल रही है ताकि यह स्पष्ट हो सके कि विवाद की शुरुआत किसने की और मारपीट के पीछे की असल वजह क्या थी। कोलार थाना प्रभारी ने बताया कि मामले की गंभीरता से जाँच की जा रही है और उचित वैधानिक कार्रवाई की जाएगी।











