मुंबई : इंडिगो एयरलाइन्स इन दिनों लगातार देरी, तकनीकी दिक्कतों और कैंसिलेशन के कारण भारी आलोचना का सामना कर रही है। हजारों यात्री घंटों एयरपोर्ट पर फंसे रहे, जबकि कई लोग अपनी महत्वपूर्ण मीटिंग्स और पारिवारिक कार्यक्रमों में शामिल नहीं हो पाए। इसी बीच, अब बॉलीवुड अभिनेता सोनू सूद इस पूरे मुद्दे पर सामने आए हैं और उन्होंने एक वीडियो शेयर करके यात्रियों से शांति और धैर्य बनाए रखने की अपील की है।
सोनू सूद बोले—“मेरे परिवार को भी घंटों इंतजार करना पड़ा”
सोनू सूद ने बताया कि हाल ही में उनका परिवार भी इंडिगो की फ्लाइट से यात्रा कर रहा था, लेकिन विमान लगभग 4–5 घंटे लेट हो गया। उन्होंने कहा कि वे यात्रियों की समस्याओं और गुस्से को पूरी तरह समझते हैं, क्योंकि इसी देरी के चलते लोगों के कई जरूरी काम प्रभावित हुए हैं।
Read More : नई SUV खरीदने का परफेक्ट समय! ईयर एन्ड में मिल रहा ₹3.25 लाख तक का जबरदस्त डिस्काउंट
एक्टर ने कहा—“मेरे अपने परिवार को भी लंबा इंतजार करना पड़ा, लेकिन वे सुरक्षित पहुंच गए। मुझे पता है कि लोगों को कितनी परेशानी उठानी पड़ी है। कई लोग शादी में नहीं जा पाए, मीटिंग मिस हो गई, यह सचमुच दुखद है।”
“A delayed flight is frustrating, but remember the faces trying to fix it. Please be nice and humble to the IndiGo staff; they are carrying the weight of cancellations too. Let’s support them.” @IndiGo6E pic.twitter.com/rd3ciyekcS
— sonu sood (@SonuSood) December 6, 2025
“स्टाफ पर चिल्लाना समाधान नहीं” — सोनू
सोनू ने इस बात पर चिंता जताई कि देरी की स्थिति में कई लोग एयरलाइन स्टाफ से बदसलूकी करने लगे। उन्होंने कहा कि जब तक समस्या हल नहीं होती, स्टाफ भी उतना ही असहाय होता है।
उन्होंने कहा—“वे भी आपकी ही तरह परेशान होते हैं। उन्हें भी नहीं पता होता कि आगे क्या होने वाला है। इसलिए उन पर चिल्लाने से हालात बदलते नहीं हैं। जब सब कुछ सामान्य होता है तो यही स्टाफ मुस्कुराकर आपका वेलकम करता है।”
सोशल मीडिया पर बहस—कुछ समर्थन में, कुछ विरोध में
सोनू सूद के वीडियो के बाद सोशल मीडिया पर मिश्रित प्रतिक्रिया देखने को मिली। कुछ यूजर्स ने उनके बयान की सराहना की और कहा कि गुस्सा उतारने से स्थिति नहीं सुधरती। वहीं, कुछ लोगों ने कहा कि यात्रियों की निराशा जायज़ है क्योंकि वे पैसे देकर सुविधा लेते हैं।
इंडिगो की प्रतिक्रिया
इंडिगो ने कई देरी को “अप्रत्याशित परिचालन कारणों” का परिणाम बताया और यात्रियों से माफी मांगी है। एयरलाइन का कहना है कि वे स्थिति को जल्द से जल्द सामान्य करने की कोशिश कर रहे हैं।











