Sanjeevani Clinic Sehore : सीहोर (मध्य प्रदेश) रिपोर्टर: सुनील शर्मा। जिला मुख्यालय के कस्बा क्षेत्र में स्वास्थ्य सेवाओं के विस्तार की दिशा में एक महत्वपूर्ण उपलब्धि हासिल हुई है। स्थानीय निवासियों को घर के पास ही बेहतर और नि:शुल्क चिकित्सा सुविधा उपलब्ध कराने के उद्देश्य से नवनिर्मित ‘संजीवनी क्लिनिक’ का भव्य शुभारंभ किया गया। इस क्लिनिक के शुरू होने से अब क्षेत्र के गरीब और मध्यम वर्गीय परिवारों को सामान्य बीमारियों के इलाज के लिए जिला अस्पताल या निजी अस्पतालों के चक्कर नहीं काटने पड़ेंगे।
जनप्रतिनिधियों ने मुख्यमंत्री का जताया आभार: उद्घाटन समारोह के दौरान सीहोर विधायक सुदेश राय, नगर पालिका अध्यक्ष विकाश प्रिंस राठौर और जिला अध्यक्ष नरेश मेवाड़ा सहित स्थानीय जनप्रतिनिधि मौजूद रहे। विधायक सुदेश राय ने मुख्यमंत्री डॉ. मोहन यादव की पहल की सराहना करते हुए कहा कि ‘हर मोहल्ले में संजीवनी क्लिनिक’ योजना आम जनता के लिए किसी वरदान से कम नहीं है। उन्होंने कहा कि भाजपा सरकार का संकल्प है कि स्वास्थ्य सुविधाएं केवल बड़े अस्पतालों तक सीमित न रहकर सीधे जनता की दहलीज तक पहुंचे।
नजदीक मिलेगा इलाज, समय की होगी बचत: कस्बा क्षेत्र में संजीवनी क्लिनिक खुलने से मरीजों को अब प्राथमिक उपचार, लैब टेस्टिंग और आवश्यक दवाएं अपने मोहल्ले में ही मिल सकेंगी। इससे जिला अस्पताल पर मरीजों का दबाव कम होगा और लोगों के समय व पैसे की भी बचत होगी। स्थानीय नागरिकों ने इस नई सुविधा के लिए शासन और प्रशासन के प्रति खुशी जाहिर की है।













