Raipur Crime : रायपुर : रायपुर में बर्थडे सेलिब्रेशन के नाम पर रईसजादों ने जानलेवा स्टंटबाजी की। नेशनल हाईवे पर लग्जरी कारों की खिड़की और सनरूफ से लटककर फिल्मी स्टाइल में स्टंट करते युवाओं का वीडियो वायरल हुआ है। वायरल वीडियो के आधार पर पुलिस ने 15 लोगों को हिरासत में लिया है और 6 गाड़ियां जब्त कर ली गई हैं।
Raipur Crime : स्टंटबाजी का यह काफिला रायपुर के केनाल रोड से होते हुए महासमुंद रोड की ओर बढ़ा। इस दौरान युवक गैंगस्टर सॉन्ग ‘AK-47’ और ‘कैदी नंबर 302’ जैसे गानों पर रील बनाते नजर आए। वायरल वीडियो में करीब 15–20 गाड़ियां शामिल थीं, जो 3 थाना क्षेत्रों – सिविल लाइन, खम्हारडीह और तेलीबांधा – से होकर गुजरीं, लेकिन इस दौरान किसी भी थाना क्षेत्र में उन्हें रोका नहीं गया।
Raipur Crime : वीडियो सोशल मीडिया पर तेजी से वायरल हुआ, जिसके बाद पुलिस ने स्वतः संज्ञान लेते हुए कार्रवाई शुरू की। सिविल लाइन पुलिस ने मामला दर्ज कर BNS की धारा 281 और मोटर व्हीकल एक्ट की धाराओं के तहत केस दर्ज किया है। रायपुर SSP लाल उमेद सिंह ने बताया कि कुल 8 गाड़ियों की पहचान हुई है, जिनमें से 6 को जब्त कर लिया गया है।
Raipur Crime : आरोपियों में निकिता गवली, शैलेद देवांगन, मोहित परिहार, साधना पांडेय, देवराज चौहान, हर्ष बिजौरा, रोशन गवली, राहुल गवली, भरत तारवानी, अभ्युदय मिश्रा, दिनेश दास, अभिषेक राव, वैभव खातरकर, प्रवीण बघेले, अभिनव देवांगन सहित अन्य नाम सामने आए हैं। इन सभी ने सार्वजनिक मार्गों पर असुरक्षित तरीके से गाड़ियों की सनरूफ व खिड़कियों से बाहर निकलकर स्टंट किए, जिससे न केवल यातायात बाधित हुआ, बल्कि मानव जीवन को भी खतरे में डाला गया।
Raipur Crime : आरोपियों के खिलाफ थाना सिविल लाइन में अपराध क्रमांक 470/2025 के तहत केस दर्ज किया गया है। इसके अलावा गाड़ी मालिकों के खिलाफ लाइसेंस रद्द करने की कार्रवाई भी आरटीओ को भेजी गई है। पुलिस ने सभी 15 युवकों को गिरफ्तार कर आगे की कार्रवाई शुरू कर दी है।











