नई दिल्ली: फास्ट-फूड इंडस्ट्री में अब तक का सबसे बड़ा मर्जर सामने आया है। केएफसी (KFC) और पिज्जा हट (Pizza Hut) की ऑपरेटर कंपनी सफायर फूड्स इंडिया लिमिटेड अब देवयानी इंटरनेशनल लिमिटेड (DIL) में मर्ज होने जा रही है। यह डील ऐसे समय में हो रही है जब भारत में क्विक-सर्विस रेस्टोरेंट (QSR) सेक्टर घटती बिक्री और बढ़ती लागत के दबाव से गुजर रहा है।
शेयर स्वैप के जरिए होगा मर्जर
मीडिया रिपोर्ट्स के मुताबिक, इस मर्जर के तहत देवयानी इंटरनेशनल, सफायर फूड्स के प्रत्येक 100 शेयरों के बदले 177 नए शेयर जारी करेगी। कंपनी को उम्मीद है कि ज्वाइंट यूनिट के संचालन के दूसरे पूरे साल से 210 से 225 करोड़ रुपये तक का सालाना लाभ होगा।
15 महीने तक चल सकती है प्रक्रिया
प्रस्तावित मर्जर को स्टॉक एक्सचेंज, भारतीय प्रतिस्पर्धा आयोग (CCI), राष्ट्रीय कंपनी विधि न्यायाधिकरण (NCLT) समेत कई नियामकीय मंजूरियां लेनी होंगी। इसके अलावा दोनों कंपनियों के शेयरधारकों और लेनदारों की सहमति भी आवश्यक है। इस पूरी प्रक्रिया में 12 से 15 महीने का समय लग सकता है।
Read More : Bullet Train : जानें कब दौड़ेगी भारत की पहली बुलेट ट्रेन? रेल मंत्री ने खुद बताई तारीख
देश की सबसे बड़ी QSR कंपनियों में होगी शामिल
डील पूरी होने के बाद देवयानी इंटरनेशनल भारत की सबसे बड़ी QSR ऑपरेटर कंपनियों में शामिल हो जाएगी। यम ब्रांड्स से जुड़ी ये कंपनियां भारत और विदेशों में 3000 से अधिक आउटलेट्स संचालित करती हैं। इनका सीधा मुकाबला मैकडॉनल्ड्स और डोमिनोज पिज्जा के भारतीय फ्रेंचाइजी ऑपरेटर्स से है।
शेयर बाजार में दिखा असर
मर्जर की घोषणा के बाद शेयर बाजार में देवयानी इंटरनेशनल के शेयरों में जबरदस्त उछाल देखा गया। बीएसई पर कंपनी के शेयर करीब 8 फीसदी की तेजी के साथ 159 रुपये तक पहुंच गए, जिससे निवेशकों में उत्साह नजर आया।











