जबलपुर। Jabalpur News : केंद्रीय मंत्री जुएल उरांव शनिवार देर रात चलती ट्रेन में चढ़ते समय हादसे का शिकार हो गए। दिल्ली से जबलपुर आते वक्त दमोह रेलवे स्टेशन पर गोंडवाना एक्सप्रेस में चढ़ते समय उनका पैर फिसल गया, जिससे वे ट्रेन में सवार नहीं हो सके और गिरने से उनके घुटनों में मामूली चोट आ गई।
इस दौरान ट्रेन में मंत्री के न मिलने से स्टेशन पर अफरा-तफरी मच गई। मंत्री का स्टाफ उन्हें प्लेटफॉर्म और अन्य डिब्बों में खोजता रहा। बाद में संपर्क क्रांति एक्सप्रेस से वे जबलपुर पहुंचे। यहां सर्किट हाउस में रेलवे के डॉक्टरों ने उनका प्राथमिक उपचार किया।
हादसे पर मंत्री ने सफाई देते हुए कहा कि उन्हें मामूली चोटें आई हैं और अब सब ठीक है। घटना शनिवार रात करीब 3.30 बजे की है। फिलहाल उनकी हालत स्थिर है और वे पूरी तरह सुरक्षित हैं।











