Rajdhani Raipur : रायपुर की कॉलोनियों में चोरों का दिनदहाड़े हमला, आधा दर्जन सूने मकान को बनाया निशाना….

Parivesh
Rajdhani Raipur

Rajdhani Raipur : रायपुर। राजधानी के देवपुरी रोड स्थित हिमालयन हाईट्स कॉलोनी में दिनदहाड़े चोरों के गिरोह ने पुलिस को खुली चुनौती दे डाली। कॉलोनी के सूने मकानों को निशाना बनाकर चोरों ने एक के बाद एक आधा दर्जन से ज्यादा घरों के ताले तोड़ डाले। घटना की जानकारी मिलते ही राजेन्द्रनगर पुलिस मौके पर पहुंची और एयरपोर्ट कर्मी भावना यदु की शिकायत पर मामला दर्ज किया गया है।

Rajdhani Raipur : भावना यदु ने पुलिस को बताया कि वे दोपहर एक बजे ड्यूटी के लिए घर में ताला लगाकर निकली थीं। करीब ढाई बजे कॉलोनी के चंद्रशेखर साहू ने उन्हें फोन कर सूचित किया कि उनके मकान में भी चोरी हो गई है। जब भावना कॉलोनी पहुंचीं, तो देखा कि घर के मुख्य दरवाजे का ताला टूटा पड़ा था और घर के अंदर से सोने का मंगलसूत्र, चांदी की पायल, बिछिया और सोने की बाली गायब थे।

चोरों का निशाना सिर्फ भावना यदु का मकान नहीं था, ब्लॉक-4 में रहने वाले अनीश कुमार के घर से चोरों ने चार घड़ियां, 10 हजार रुपये नकद, चांदी की पायल, ब्रेसलेट और सिक्के भी चुरा लिए। कॉलोनी के अन्य मकानों में भी ताले टूटने की सूचना पुलिस को दी गई है। फिलहाल दो मकानों से डेढ़ लाख रुपये से अधिक की चोरी की पुष्टि हुई है।

एक साल पहले भी महाराष्ट्र के गैंग ने मचाया था आतंक

राजधानी में इस तरह की वारदात कोई नई बात नहीं है। पिछले वर्ष सिविल लाइंस, राजेन्द्रनगर और कटोरातालाब इलाके की बंद कॉलोनियों और फ्लैट्स में दो दिनों के भीतर चार बड़ी चोरी की घटनाएं हुई थीं। उस दौरान पुलिस ने महाराष्ट्र से आए एक पेशेवर गैंग को पकड़कर 50 लाख रुपये से ज्यादा की ज्वेलरी और 20 लाख रुपये नकद बरामद किए थे।

क्या फिर से सक्रिय हो गया है गैंग?

हाल के दिनों में चोरी की वारदातें बढ़ने से यह आशंका प्रबल हो गई है कि कोई बाहरी गिरोह रायपुर में फिर से सक्रिय हो गया है। पिछले सप्ताह खम्हारडीह थाना क्षेत्र की आनंद भूमि कॉलोनी में भी रिटायर्ड अफसर के घर से जेवरात और नकदी चोरी कर ली गई थी। हालांकि, उस मामले में भी पुलिस अब तक सुराग नहीं ढूंढ पाई है।

सीसीटीवी फुटेज में चार नकाबपोश संदिग्ध कैद हुए हैं, लेकिन उनकी पहचान नहीं हो पाई है। पुलिस का मानना है कि यह एक ही गिरोह की करतूत हो सकती है, जो सुनसान कॉलोनियों को निशाना बना रहा है।

अब सवाल उठता है कि पुलिस कार्रवाई में तेजी कब लाएगी और क्या राजधानी की कॉलोनियों में रहने वाले लोग खुद को सुरक्षित महसूस कर पाएंगे?

Share The News
Share This Article
Leave a Comment

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *