Jabalpur News: जबलपुर: मध्य प्रदेश के मुख्यमंत्री डॉ. मोहन यादव ने जबलपुर में 1857 के महान स्वतंत्रता संग्राम सेनानी राजा शंकर शाह और राजा रघुनाथ शाह के बलिदान दिवस के अवसर पर उन्हें नमन किया। उन्होंने कहा कि दोनों अमर शहीदों के गौरवशाली योगदान को स्मरणीय बनाने के लिए राज्य सरकार ने उनके बलिदान की गाथा को स्कूली शिक्षा के पाठ्यक्रम में शामिल किया है।
मुख्यमंत्री ने कहा कि अंग्रेजों द्वारा धर्म और प्रलोभन के आधार पर रखी गई शर्तों को ठुकराकर शहीदों ने अपने स्वधर्म, सनातन संस्कृति और देश की आजादी के लिए बलिदान देना चुना, लेकिन गुलामी स्वीकार नहीं की।
Jabalpur News: इस अवसर पर राज्य के मंत्री कुंवर विजय शाह, मंत्री राकेश सिंह, नगर के महापौर, सांसद, विधायक और कई जनप्रतिनिधि भी उपस्थित रहे। मुख्यमंत्री ने बताया कि अमर शहीदों के जीवन पर डॉक्यूमेंट्री बनाने के साथ-साथ उनके बलिदान स्थल को सहेजने और जीवंत बनाने के लिए प्रयास किए जा रहे हैं। इसके अलावा आदिवासी अंचल के विकास और लोगों के जीवन स्तर को बेहतर बनाने के लिए सरकार कई योजनाएं चला रही है। उन्होंने प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी के नेतृत्व में देश के ‘विरासत से विकास’ की दिशा में आगे बढ़ने की बात कहते हुए सभी को शुभकामनाएं दीं।






