Indresh Maharaj Raipur Visit: पहली बार रायपुर आएंगे इंद्रेश महाराज, 21 से गूंजेगी भागवत कथा, 10 बजे निकलेगी भव्य कलश यात्रा

Sanjay Sahu
Indresh Maharaj Raipur Visit

Indresh Maharaj Raipur Visit: रायपुर। राजधानी रायपुर में पहली बार प्रसिद्ध भागवताचार्य एवं युवा आध्यात्मिक वक्ता पूज्य श्री इंद्रेश जी महाराज श्रीमद्भागवत कथा का वाचन करने पहुंचेंगे। देवेंद्र नगर स्थित कृषि उपज मंडी ग्राउंड में 21 से 27 सितंबर 2026 तक सात दिवसीय श्रीमद्भागवत कथा सप्ताह ज्ञान यज्ञ का आयोजन किया जा रहा है। श्रीमद्भागवत कथा आयोजन समिति की ओर से होने वाले इस आयोजन को लेकर तैयारियां शुरू कर दी गई हैं।

कथा के शुभारंभ अवसर पर 21 सितंबर, सोमवार को सुबह 10 बजे भव्य मंगल कलश यात्रा निकाली जाएगी। यह यात्रा कृषि उपज मंडी के सामने स्थित श्री राम जानकी मंदिर से गाजे-बाजे और संकीर्तन के साथ प्रारंभ होगी और प्रमुख मार्गों से होते हुए कृषि उपज मंडी ग्राउंड स्थित कथा स्थल पहुंचेगी।

आयोजन समिति के मुख्य सेवादार गुंजन प्रजापति ने बताया कि कलश यात्रा में रायपुर शहर सहित आसपास के क्षेत्रों से बड़ी संख्या में मातृशक्ति और धर्मप्रेमी श्रद्धालुओं के शामिल होने की उम्मीद है। माताओं और बहनों से विशेष रूप से पीली साड़ी पहनकर कलश यात्रा में शामिल होने का आग्रह किया गया है। सनातन परंपरा में पीले रंग को मंगल, शुचिता, समृद्धि और सकारात्मक ऊर्जा का प्रतीक माना जाता है।

सात दिन कृष्ण लीलाओं से लेकर रुक्मिणी विवाह तक होंगे प्रसंग

सात दिवसीय कथा के दौरान प्रतिदिन दोपहर 2 बजे से शाम 5 बजे तक श्री इंद्रेश जी महाराज द्वारा श्रीमद्भागवत महापुराण के विभिन्न आध्यात्मिक एवं प्रेरणादायी प्रसंगों का वर्णन किया जाएगा। कथा में भगवान श्रीकृष्ण की बाल लीलाओं, गोवर्धन पूजा महोत्सव, रुक्मिणी विवाह सहित श्रीमद्भागवत के अनेक प्रसंगों की संगीतमय एवं भावपूर्ण प्रस्तुति होगी।

आयोजन समिति के अनुसार, इस ज्ञान यज्ञ का उद्देश्य सनातन समाज को एकजुट करने के साथ लोगों को धर्म, संस्कार, आध्यात्मिक परंपरा और पारिवारिक मूल्यों से जोड़ना है। समिति ने रायपुर और छत्तीसगढ़ के धर्मप्रेमी नागरिकों, माताओं, बहनों एवं युवाओं से परिवार सहित कथा में शामिल होने की अपील की है।

Indresh Maharaj Raipur Visit: श्रद्धालुओं के लिए होंगे विशेष इंतजाम

Indresh Maharaj Raipur Visit: आयोजकों के मुताबिक कथा में बड़ी संख्या में श्रद्धालुओं के पहुंचने को देखते हुए आयोजन स्थल पर व्यापक व्यवस्थाएं की जा रही हैं। वाटरप्रूफ डोम, बैठने की व्यवस्था, शीतल एवं शुद्ध पेयजल, प्राथमिक चिकित्सा और सुरक्षा व्यवस्था सहित आवश्यक इंतजाम किए जा रहे हैं। आयोजन समिति का कहना है कि कथा श्रवण के लिए आने वाले श्रद्धालुओं को सुविधाजनक और भक्तिमय वातावरण उपलब्ध कराने की तैयारी की जा रही है।

 

Share The News
Share This Article
Leave a Comment

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *