जबलपुर: सेंट्रल GST के पूर्व अधीक्षक सोमेन गोस्वामी पर रिश्वत और आय से अधिक संपत्ति मामले में बड़ी कार्रवाई हुई है। विभाग ने उन्हें अनिवार्य सेवानिवृति दे दी है।
CBI जांच में आई संपत्ति का खुलासा
साल 2023 में 25 लाख रुपये रिश्वत लेते CBI ने सीजीएसटी के 4 अधिकारियों को गिरफ्तार किया था। जांच में पता चला कि सोमेन गोस्वामी की आय से 155 प्रतिशत ज्यादा संपत्ति है। जांच में यह भी सामने आया कि उन्होंने राजस्थान के व्यापारी त्रिलोकचंद से 35 लाख रुपये की रिश्वत मांगी थी।
पान मसाला फैक्ट्री खोलने में रिश्वत का आरोप
सोमेन गोस्वामी पर यह आरोप भी है कि पान मसाला की सील फैक्ट्री खोलने के एवज में उन्होंने व्यापारी से 35 लाख रुपये रिश्वत की मांग की थी। ये सभी खुलासे CBI की जांच के दौरान सामने आए।
अन्य अधिकारियों पर भी सख्त कार्रवाई की संभावना
सीबीआई ने रिश्वत और आय से अधिक संपत्ति के मामलों में अन्य अधिकारियों जैसे कि सहायक अधीक्षक कपिल काम्बले, इंस्पेक्टर प्रदीप हज़ारी, विकास गुप्ता और वीरेंद्र जैन को भी गिरफ्तार किया था। अब इनके खिलाफ भी सख्त कार्रवाई की संभावना बनी हुई है।
भ्रष्टाचार के खिलाफ सख्त संदेश
सोमेन गोस्वामी की अनिवार्य सेवानिवृति से स्पष्ट संदेश गया है कि भ्रष्टाचार और रिश्वतखोरी किसी भी स्तर पर बर्दाश्त नहीं की जाएगी। अधिकारियों की जवाबदेही सुनिश्चित करने के लिए विभाग और CBI लगातार कार्रवाई कर रहे हैं।











