निशानेबाज न्यूज़ डेस्क : मध्य पूर्व में जारी भीषण तनाव के बीच ईरान ने एक बार फिर दुबई को निशाना बनाने की कोशिश की। हालांकि संयुक्त अरब अमीरात की मजबूत वायु रक्षा प्रणाली ने इस खतरे को समय रहते निष्क्रिय कर दिया, जिससे एक बड़ा हादसा टल गया।
रिपोर्ट के अनुसार, ईरान की ओर से भेजे गए ड्रोन को दुबई की एयर डिफेंस प्रणाली ने हवा में ही नष्ट कर दिया। हालांकि ड्रोन का जलता हुआ मलबा दुबई के मशहूर मरीना इलाके में एक गगनचुंबी इमारत के पास गिर गया, जिससे वहां कुछ समय के लिए अफरा-तफरी मच गई।
शांति के वादे के बाद हमला
इस घटना से पहले ईरान के राष्ट्रपति मसूद पेजेशकियान ने पड़ोसी देशों से माफी मांगते हुए क्षेत्र में शांति बनाए रखने का भरोसा दिया था। उन्होंने कहा था कि ईरान किसी भी पड़ोसी देश पर हमला नहीं करेगा।लेकिन इस घोषणा के कुछ ही घंटों बाद दुबई पर ड्रोन भेजे जाने से ईरान की विश्वसनीयता पर सवाल खड़े हो गए हैं।
दुबई मरीना में गिरा मलबा
दुबई प्रशासन के मुताबिक, ड्रोन को हवा में ही नष्ट कर दिया गया था, लेकिन उसका मलबा दुबई मरीना के एक टावर के पास गिर गया। प्रत्यक्षदर्शियों ने इलाके में काला धुआं उठते देखा, जिससे आसपास के लोगों में डर और अफरा-तफरी का माहौल बन गया।हालांकि राहत की बात यह है कि इस घटना में किसी के घायल होने की खबर नहीं है और इमारत को भी मामूली नुकसान हुआ है।
Read More : C.G Weather : छत्तीसगढ़ में बढ़ने लगी गर्मी, कई जिलों में तापमान सामान्य से 2-3 डिग्री अधिक
यूएई की सुरक्षा एजेंसियां अलर्ट
संयुक्त अरब अमीरात के रक्षा मंत्रालय ने कहा है कि देश की हवाई सुरक्षा प्रणाली पूरी तरह सतर्क है और किसी भी संभावित खतरे का जवाब देने के लिए तैयार है।इस घटना के बाद दुबई समेत पूरे क्षेत्र में सुरक्षा व्यवस्था और कड़ी कर दी गई है।
ईरान-इजराइल तनाव से बढ़ी चिंता
मिडिल ईस्ट में इस समय ईरान और इजराइल के बीच तनाव चरम पर है। दोनों देश एक-दूसरे के रणनीतिक ठिकानों और तेल प्रतिष्ठानों को निशाना बनाकर हमले कर रहे हैं।
इसी तनाव के बीच अमेरिका और इजराइल की सेनाओं द्वारा ईरान के परमाणु शहर इस्फहान पर भी हमले की खबरें सामने आई हैं।लगातार हो रहे मिसाइल और ड्रोन हमलों के कारण पूरे मध्य पूर्व में युद्ध का खतरा और गहरा हो गया है।











