निशानेबाज न्यूज़ डेस्क : सोशल मीडिया प्लेटफॉर्म इंस्टाग्राम ने डायरेक्ट मैसेज (DM) में मौजूद End-to-End Encryption फीचर को 8 मई 2026 से खत्म करने का फैसला लिया है।इंस्टाग्राम की पैरेंट कंपनी Meta ने इसकी आधिकारिक पुष्टि की है। इस फैसले के बाद सोशल मीडिया पर मैसेजिंग प्राइवेसी और डिजिटल सुरक्षा को लेकर नई बहस शुरू हो गई है।कंपनी ने यह जानकारी अपने ऑफिशियल हेल्प पेज पर जारी की है।
8 मई के बाद एन्क्रिप्टेड नहीं रहेंगे मैसेज
Meta के अनुसार 8 मई 2026 के बाद इंस्टाग्राम पर भेजे जाने वाले मैसेज End-to-End Encryption के तहत सुरक्षित नहीं होंगे।इसका मतलब है कि तकनीकी रूप से मैसेज प्लेटफॉर्म के सर्वर पर प्रोसेस हो सकते हैं।
कंपनी ने बताया कि यूजर्स को इस बदलाव से पहले नोटिफिकेशन के जरिए जानकारी दी जाएगी और उन्हें अपने एन्क्रिप्टेड चैट और मीडिया फाइल्स डाउनलोड करने का विकल्प भी मिलेगा।
Read More : असम दौरे पर PM मोदी का कांग्रेस पर हमला, बोले- हार का शतक पूरा करने वाली है पार्टी, LPG किल्लत पर रख रहे नजर
क्या होता है End-to-End Encryption
End-to-End Encryption (E2EE) एक डिजिटल सुरक्षा तकनीक है, जिसमें मैसेज केवल भेजने वाले और प्राप्त करने वाले व्यक्ति के बीच ही पढ़े जा सकते हैं।जब कोई मैसेज भेजा जाता है तो वह कोडेड फॉर्म में बदल जाता है और केवल रिसीवर के डिवाइस पर ही डिक्रिप्ट होता है।
इस तकनीक के कारण न तो कंपनी और न ही कोई तीसरा व्यक्ति मैसेज पढ़ सकता है।इसी वजह से WhatsApp और Signal जैसे प्लेटफॉर्म इस तकनीक का इस्तेमाल करते हैं।
2023 में शुरू हुआ था यह फीचर
इंस्टाग्राम ने 2023 में अपने मैसेजिंग सिस्टम में End-to-End Encryption फीचर शामिल किया था।हालांकि यह फीचर डिफॉल्ट रूप से एक्टिव नहीं था, बल्कि यूजर्स को इसे अलग से Enable करना पड़ता था।अब Meta ने इस सुरक्षा विकल्प को पूरी तरह हटाने का फैसला लिया है।
Meta ने बताई यह वजह
Meta का कहना है कि यूजर्स इस फीचर का बहुत कम इस्तेमाल कर रहे थे, इसलिए इसे बंद करने का निर्णय लिया गया।कंपनी ने कहा कि यूजर्स को समय रहते सूचना दी जाएगी ताकि वे अपनी एन्क्रिप्टेड बातचीत और मीडिया फाइल्स का बैकअप डाउनलोड कर सकें।
क्या AI ट्रेनिंग के लिए इस्तेमाल होगा डेटा?
हालांकि आधिकारिक तौर पर Meta ने कम उपयोग को वजह बताया है, लेकिन टेक इंडस्ट्री में इस फैसले को लेकर कई चर्चाएं भी चल रही हैं।
कुछ विशेषज्ञों का मानना है कि एन्क्रिप्शन हटने के बाद मैसेजिंग डेटा को प्रोसेस करना तकनीकी रूप से आसान हो जाएगा।
इससे कंपनियां कंटेंट मॉडरेशन, सिस्टम सुधार और AI मॉडल को बेहतर बनाने के लिए डेटा का उपयोग कर सकती हैं।
यूजर्स पर क्या पड़ेगा असर
8 मई 2026 के बाद इंस्टाग्राम के मैसेज End-to-End Encryption के बिना भेजे जाएंगे, जिससे प्राइवेसी को लेकर सवाल उठ सकते हैं।
हालांकि सोशल मीडिया कंपनियां दावा करती हैं कि यूजर्स के डेटा की सुरक्षा और प्राइवेसी का पूरा ध्यान रखा जाता है।
इसके बावजूद साइबर सिक्योरिटी विशेषज्ञों का मानना है कि एन्क्रिप्शन हटना यूजर प्राइवेसी के लिए एक संवेदनशील मुद्दा बन सकता है।
8 मई से पहले क्या करें यूजर्स
अगर आप इंस्टाग्राम पर एन्क्रिप्टेड चैट का इस्तेमाल करते हैं, तो 8 मई 2026 से पहले अपने चैट डेटा और मीडिया फाइल्स का बैकअप डाउनलोड कर सकते हैं।इंस्टाग्राम इसके लिए यूजर्स को नोटिफिकेशन भेजकर डेटा डाउनलोड करने की सुविधा उपलब्ध कराएगा।











