Indore News : इंदौर । शहर के सबसे पुराने सरकारी अस्पताल एमवायएच (MY Hospital) में चौंकाने वाला मामला सामने आया है। अस्पताल की नवजात शिशु गहन चिकित्सा इकाई (NICU) में चूहों ने दो अलग-अलग दिनों में दो नवजात शिशुओं के हाथ कुतर दिए। ये घटनाएं रविवार और सोमवार को हुईं, जिससे अस्पताल प्रबंधन और स्टाफ में हड़कंप मच गया।
Indore News : अस्पताल स्टाफ के अनुसार, वार्डों में चूहों की भरमार है और NICU में कई दिनों से एक बड़ा चूहा सक्रिय था। पहले नवजात को रविवार को चूहे ने काटा, जिसके बाद तुरंत इलाज शुरू किया गया। सोमवार को दूसरी घटना हुई, तब स्टाफ ने वरिष्ठ डॉक्टरों को तुरंत सूचना दी।
Indore News : अस्पताल अधीक्षक डॉ. अशोक यादव ने पुष्टि करते हुए कहा कि दोनों बच्चे अब ठीक हैं। उन्होंने बताया कि अस्पताल में चूहों की आवाजाही रोकने के लिए सभी इंतजाम किए जा रहे हैं और बड़े स्तर पर पेस्ट कंट्रोल की तैयारी है। साथ ही उन्होंने स्वीकार किया कि मरीजों के परिजन जो भोजन सामग्री वार्ड तक लाते हैं, उससे चूहों की संख्या बढ़ रही है। अस्पताल में पिछली बार पेस्ट कंट्रोल पांच साल पहले किया गया था।











