Indore News : इंदौर। इंदौर नगर निगम क्षेत्र क्रमांक 2 के वॉर्ड 24 से पार्षद जीतू यादव (जाटव) ने सोशल मीडिया पर अपने बेटे से जुड़े एक वीडियो को लेकर गुरुवार को कड़ा रुख अपनाया। पार्षद यादव अपने समर्थकों के साथ परदेशीपुरा थाना पहुँचे और एक लिखित शिकायती आवेदन सौंपा, जिसमें उन्होंने गलत और भ्रामक जानकारी फैलाने वाले वीडियो पर कड़ी कार्रवाई की मांग की है।
Indore News : क्या है वायरल वीडियो का सच?
पार्षद जीतू यादव ने थाने में बताया कि विवाद का पूरा मामला दीपावली की रात का है। उनका परिवार मंदिर दर्शन के लिए जा रहा था, तभी रास्ते में कुछ लोगों के बीच विवाद चल रहा था।
- बीच-बचाव: पार्षद का बेटा विवाद शांत कराने के लिए उतरा, लेकिन विवाद बढ़ता देख वह वापस आ गया।
- पथराव: इसी दौरान किसी व्यक्ति ने उनकी कार पर पत्थर फेंक दिया, जिससे कार का शीशा टूट गया था।
- समझौता: यादव के अनुसार, संबंधित लोगों ने बाद में माफी मांग ली थी और मामला वहीं पर खत्म हो गया था।
‘छवि खराब करने की साजिश’
यादव ने आरोप लगाया कि समझौते के बाद भी किसी अज्ञात व्यक्ति ने उनके बेटे और पूरे परिवार की छवि खराब करने के उद्देश्य से यह वीडियो सोशल मीडिया पर वायरल कर दिया।
वायरल वीडियो में यह झूठा दावा किया गया कि उनके बेटे के साथ मारपीट हुई और उसके कपड़े फाड़ दिए गए। पार्षद यादव ने चुनौती देते हुए कहा, “अगर वीडियो वायरल करने वाले के पास कोई ठोस सबूत है, तो वह सामने लाए।”
‘कार्रवाई नहीं हुई तो जाएंगे CM के पास’
पार्षद यादव ने साफ चेतावनी दी है कि उन्होंने इस मामले में लिखित शिकायत दे दी है और अगर परदेशीपुरा थाने में उचित और सख्त कार्रवाई नहीं की गई, तो अनुसूचित जाति-जनजाति समाज और उनके वार्ड के लोग एकजुट होकर मुख्यमंत्री के पास जाकर शिकायत करेंगे।
परदेशीपुरा थाने के सब इंस्पेक्टर दीपक जामोद ने बताया कि पार्षद की शिकायत पर संज्ञान ले लिया गया है और सोशल मीडिया पर भ्रामक जानकारी फैलाने वाले अज्ञात व्यक्ति की पहचान कर कार्रवाई की जाएगी।











