Wednesday, August 19, 2026
Home Madhya Pradesh Bhopal Indore दूषित जल कांड पर सियासी घमासान, कांग्रेस नेता उमंग सिंघार का...

Indore दूषित जल कांड पर सियासी घमासान, कांग्रेस नेता उमंग सिंघार का भाजपा सरकार पर तीखा प्रहार

mohan yadav-umang singhar

इंदौर :  इंदौर के भागीरथपुरा इलाके में नर्मदा जल आपूर्ति पाइपलाइन में ड्रेनेज का गंदा पानी मिलने से शहर में गंभीर स्वास्थ्य संकट खड़ा हो गया है। दूषित पानी की आपूर्ति के कारण अब तक तीन लोगों की मौत की पुष्टि हुई है, जबकि सैकड़ों लोग बीमार होकर अस्पतालों में भर्ती हैं। घटना सामने आने के बाद प्रशासनिक हलकों में हड़कंप मच गया है और जल आपूर्ति व्यवस्था पर सवाल उठने लगे हैं।

कांग्रेस नेता उमंग सिंघार का भाजपा सरकार पर हमला

इस पूरे मामले को लेकर मध्यप्रदेश विधानसभा में नेता प्रतिपक्ष उमंग सिंघार ने भाजपा की ट्रिपल इंजन सरकार पर तीखा हमला बोला है। उन्होंने कहा कि भाजपा के दो दशकों से अधिक के शासन के बावजूद आज भी प्रदेश की जनता को साफ पेयजल जैसी बुनियादी सुविधा के लिए संघर्ष करना पड़ रहा है। यह स्थिति अत्यंत शर्मनाक और असंवेदनशील है, खासकर तब जब इंदौर को देश के सबसे स्वच्छ शहरों में गिना जाता है।

प्राकृतिक आपदा नहीं, प्रशासनिक लापरवाही का नतीजा

उमंग सिंघार ने कहा कि यह कोई प्राकृतिक आपदा नहीं, बल्कि प्रशासनिक लापरवाही और कुप्रबंधन का सीधा परिणाम है। नए साल की पूर्व संध्या पर सरकार की विफलता ने उत्सव के माहौल को शोक में बदल दिया। उन्होंने कहा कि “भाजपा है तो मुमकिन है” जैसे नारे आज जनता के लिए भय का कारण बनते जा रहे हैं।

Read More : Indore में जहरीला पानी, 8 की मौत से मचा हड़कंप, CM मोहन का एक्शन, 2 अफसर सस्पेंड, 1 बर्खास्त

अवैध शराब और कानून-व्यवस्था पर भी उठे सवाल

उन्होंने जबलपुर में ₹50 में बिक रही अवैध शराब से एक ही बस्ती के 19 लोगों की मौत का जिक्र करते हुए कहा कि यह कानून-व्यवस्था और आबकारी नियंत्रण की पूरी तरह विफलता है। एक ओर दूषित पानी से मौतें हो रही हैं, दूसरी ओर जहरीली शराब से लोग जान गंवा रहे हैं।

मुख्यमंत्री से कार्रवाई की मांग

कांग्रेस नेता ने मुख्यमंत्री से अपील की कि वे ज़मीनी हकीकत का संज्ञान लें, निष्पक्ष जांच कराएं, दोषियों पर सख्त कार्रवाई सुनिश्चित करें और पीड़ितों को बेहतर इलाज व मृतकों के परिजनों को उचित मुआवज़ा प्रदान किया जाए।

Share The News

LEAVE A REPLY

Please enter your comment!
Please enter your name here