नई दिल्ली : देश की सबसे बड़ी एयरलाइन इंडिगो (IndiGo) का ऑपरेशनल संकट गहराता जा रहा है। सोमवार को एयरलाइन ने 562 फ्लाइट्स रद्द कीं। वहीं पिछले 7 दिनों में कंपनी 4500 से अधिक उड़ानें कैंसिल कर चुकी है। लगातार बढ़ती शिकायतों के बाद केंद्र सरकार, सिविल एविएशन मंत्रालय और DGCA एक्शन मोड में आ गए हैं।
फ्लाइट रद्द होने के बाद सरकार अलर्ट
सिविल एविएशन मंत्री राम मोहन नायडू ने कहा कि इंडिगो के विंटर फ्लाइट शेड्यूल में कटौती की जाएगी। फिलहाल कंपनी 2200+ उड़ानें प्रतिदिन ऑपरेट कर रही है। मंत्रालय ने संकेत दिया है कि इंडिगो के खाली स्लॉट को अन्य एयरलाइंस को देने पर विचार किया जा रहा है।नायडू ने यह भी कहा कि भारत के बढ़ते एविएशन सेक्टर को देखते हुए भविष्य में कम-से-कम 5 बड़ी एयरलाइंस की जरूरत पड़ेगी। नए ऑपरेटरों के लिए यह सही समय है।
10 बड़े एयरपोर्ट्स पर स्पेशल इंस्पेक्शन ड्राइव
मंत्रालय ने सीनियर ऑफिसर्स को देश के 10 प्रमुख एयरपोर्ट्स पर ऑन-ग्राउंड इंस्पेक्शन का आदेश दिया है। इन एयरपोर्ट्स में शामिल हैं—मुंबई, दिल्ली, बेंगलुरु, हैदराबाद, कोलकाता, चेन्नई, पुणे, गुवाहाटी, अहमदाबाद और गोवा।जांच डिप्टी सेक्रेटरी से लेकर जॉइंट सेक्रेटरी रैंक के अधिकारी करेंगे।
DGCA नोटिस का इंडिगो ने दिया जवाब
DGCA ने इंडिगो को नोटिस भेजा था, जिसके जवाब में एयरलाइन ने कहा कि ऑपरेशनल दिक्कतों के वास्तविक कारणों का पता लगाने में अभी समय लगेगा।दिसंबर की शुरुआत में क्रू उपलब्धता और ऑन-टाइम परफॉर्मेंस बिगड़ी।फिर 5 दिसंबर को सिस्टम रीबूट किया गया था।कंपनी का दावा है कि अब नेटवर्क 100% बहाल हो चुका है और 91% फ्लाइट्स समय पर चल रही हैं।
Read More : Seoni में ट्रेनी प्लेन क्रैश! हाई-वोल्टेज लाइन से टकराकर गिरा खेत में, दो पायलट घायल
827 करोड़ का रिफंड
इंडिगो ने कहा कि वह अब तक 827 करोड़ रुपए का रिफंड प्रोसेस कर चुका है। शेष रिफंड कंपनी 15 दिसंबर 2025 तक क्लियर कर देगी।DGCA की जांच समिति CEO और COO को भी समन भेज सकती है।
15 दिनों में पूरी होगी जांच रिपोर्ट
सिविल एविएशन सेक्रेटरी समीर कुमार सिन्हा ने बताया कि विस्तृत जांच अगले 15 दिनों में पूरी हो जाएगी। फिर कारणों की समीक्षा कर कठोर सुधारात्मक कदम उठाए जाएंगे।













