ग्वालियर: मध्यप्रदेश के ग्वालियर में एक शातिर चोरी का मामला सामने आया है, जहां ई-रिक्शा में बैठी एक महिला की हीरे की दो अंगूठियां चोरी हो गईं। आरोपी युवती ने चक्कर आने का बहाना बनाकर महिलाओं की सहानुभूति हासिल की और मौका मिलते ही पर्स से कीमती सामान लेकर फरार हो गई।
यह घटना पड़ाव थाना क्षेत्र के साईं बाबा मंदिर रोड की बताई जा रही है। पुलिस ने CCTV फुटेज के आधार पर संदिग्ध युवती के खिलाफ मामला दर्ज कर उसकी तलाश शुरू कर दी है।
सगाई में मिली थी हीरे की अंगूठियां
पुलिस के अनुसार सेवा नगर के तुलसी विहार कॉलोनी में रहने वाली छाया यादव, पत्नी उमेश यादव, के परिवार में दो दिन पहले सगाई समारोह हुआ था। इस समारोह में छाया यादव को हीरे की दो अंगूठियां मिली थीं।
अंगूठियां उंगलियों में थोड़ी ढीली होने के कारण वह उन्हें टाइट कराने के लिए परिवार की दो महिलाओं के साथ सुनार की दुकान जा रही थीं।
ई-रिक्शा में बैठकर रची चोरी की साजिश
जानकारी के मुताबिक छाया यादव और उनके साथ की महिलाएं सेवा नगर स्टैंड से ई-रिक्शा में बैठकर सुनार की दुकान के लिए रवाना हुईं। कुछ दूरी पर एक सफेद सूट पहने युवती ने ई-रिक्शा को रुकवाया और उसमें बैठ गई।
कुछ देर बातचीत के बाद युवती ने अचानक चक्कर आने की बात कही और अपना सिर छाया यादव की गोद में रख दिया। महिलाओं ने उसे बीमार समझकर उसकी मदद करनी शुरू कर दी।
मदद के दौरान पर्स से सामान लेकर फरार
इसी दौरान आरोपी युवती ने मौका देखकर छाया यादव के पर्स के अंदर रखा छोटा पर्स निकाल लिया। कुछ देर बाद पेट्रोल पंप के पास पहुंचते ही वह ई-रिक्शा से उतर गई और तेजी से वहां से चली गई।शुरुआत में महिलाओं को इस बात का जरा भी अंदाजा नहीं हुआ कि युवती बीमारी का बहाना बनाकर चोरी कर चुकी है।
बाद में हुआ चोरी का पता
कुछ समय बाद छाया यादव को शक हुआ जब युवती तेजी से वहां से गायब हो गई। उन्होंने जब अपना पर्स चेक किया तो उसमें रखा छोटा पर्स गायब था। उसी पर्स में हीरे की दोनों अंगूठियां रखी हुई थीं।
इसके बाद उन्होंने अपने परिजनों को घटना की जानकारी दी और सीधे पड़ाव थाना पहुंचकर शिकायत दर्ज कराई।
पुलिस ने शुरू की जांच
पुलिस ने फरियादी की शिकायत पर अज्ञात महिला के खिलाफ मामला दर्ज कर लिया है। आसपास लगे CCTV कैमरों की फुटेज के आधार पर आरोपी युवती की पहचान करने की कोशिश की जा रही है।
सीएसपी रोबिन जैन ने बताया कि मामले की जांच जारी है और जल्द ही आरोपी को गिरफ्तार करने के प्रयास किए जा रहे हैं।











