Disabled Person Injustice : कटनी/बड़वारा। मध्य प्रदेश विधानसभा के नेता प्रतिपक्ष उमंग सिंघार के बड़वारा दौरे के दौरान प्रशासन और सत्ताधारी दल की कार्यशैली पर एक गंभीर प्रश्नचिह्न लग गया है। बड़वारा निवासी एक दिव्यांग व्यक्ति ने विधायक और पुलिस-प्रशासन पर अपनी पुश्तैनी जमीन पर कब्जा करने का दबाव बनाने और प्रताड़ित करने का आरोप लगाया है। पीड़ित की आपबीती सुनकर नेता प्रतिपक्ष ने तुरंत कटनी कलेक्टर को फोन लगाकर मामले में तत्काल और निष्पक्ष कार्रवाई की चेतावनी दी है।
विधायक के करीबियों पर जमीन हड़पने का आरोप दिव्यांग पीड़ित परमेश्वरदीन नामदेव ने नेता प्रतिपक्ष को बताया कि बड़वाराकलां स्थित उनकी पुश्तैनी जमीन (खसरा नंबर 122) पर उनका मालिकाना हक है। आरोप है कि स्थानीय विधायक धीरेंद्र बहादुर सिंह के करीबी सहयोगी उनकी इस कीमती जमीन को हड़पना चाहते हैं। पीड़ित का कहना है कि पूर्व में जमीन बेचने के दबाव को ठुकराने के बाद अब उन्हें निशाना बनाया जा रहा है। उन्होंने आरोप लगाया कि विधायक के इशारे पर पुलिस और राजस्व विभाग की टीम बिना किसी लिखित नोटिस या स्थगन आदेश के उनका निर्माण कार्य बार-बार रुकवा देती है।
झूठे मुकदमों में फंसाने की धमकी पीड़ित ने यह भी आरोप लगाया कि बड़वारा पुलिस द्वारा उन्हें आए दिन झूठे मुकदमों में फंसाने की धमकी दी जा रही है। इससे उनका पूरा परिवार भारी दहशत में है। अपनी व्यथा सुनाते हुए दिव्यांग व्यक्ति ने कहा कि वे न्याय की उम्मीद में दर-दर भटकने को मजबूर हैं।
उमंग सिंघार ने कलेक्टर को दी चेतावनी परमेश्वरदीन की पीड़ा को गंभीरता से लेते हुए नेता प्रतिपक्ष उमंग सिंघार ने मौके से ही कटनी कलेक्टर आशीष तिवारी को फोन लगाया। सिंघार ने नाराजगी जताते हुए स्पष्ट किया कि सत्ताधारी दल के दबाव में किसी गरीब और दिव्यांग व्यक्ति को प्रताड़ित करना कतई बर्दाश्त नहीं किया जाएगा। उन्होंने कलेक्टर से मामले का तत्काल निराकरण करने को कहा है। साथ ही, उन्होंने स्थानीय कांग्रेस कार्यकर्ताओं को भी निर्देश दिए कि यदि पीड़ित को समय पर न्याय नहीं मिलता है, तो कांग्रेस इस मुद्दे को लेकर उग्र आंदोलन करेगी।











