Monday, September 21, 2026
Home Chhattisgarh Dhamtari Crime: मंत्रालय में नौकरी और आवास दिलाने का झांसा देकर 9...

Dhamtari Crime: मंत्रालय में नौकरी और आवास दिलाने का झांसा देकर 9 लाख से ज्यादा की ठगी, महिला समेत दो आरोपी गिरफ्तार

Dhamtari Crime
Dhamtari Crime

Dhamtari Crime: धमतरी। मंत्रालय में नौकरी और छत्तीसगढ़ गृह निर्माण मंडल का आवास दिलाने के नाम पर लाखों रुपये की ठगी करने वाले महिला समेत दो आरोपियों को धमतरी पुलिस ने गिरफ्तार किया है। आरोपियों ने पीड़ित को मंत्रालय में नौकरी और पारिजात भवन आवंटित कराने का झांसा देकर अलग-अलग माध्यमों से 9 लाख 8 हजार रुपये की रकम वसूल की थी। शिकायत के बाद पुलिस ने तकनीकी साक्ष्यों के आधार पर दोनों आरोपियों को गिरफ्तार कर लिया।

पुलिस के मुताबिक, बालोद जिले के गुरूर थाना क्षेत्र के भानपुरी निवासी 27 वर्षीय मनीष साहू ने धमतरी सिटी कोतवाली में शिकायत दर्ज कराई थी। शिकायत के अनुसार, फरवरी 2024 में रुद्री रोड स्थित एक होटल में उसकी मुलाकात शशि प्रभा साहू और अमित कुमार देवांगन से हुई थी। दोनों ने खुद को मंत्रालय में कार्यरत बताते हुए उसे नौकरी दिलाने और छत्तीसगढ़ गृह निर्माण मंडल के पारिजात भवन का आवंटन कराने का भरोसा दिलाया।

आरोपियों ने पीड़ित को विश्वास में लेने के लिए उसे मंत्रालय स्थित महानदी भवन के बाहर भी ले जाकर दिखाया। इसके बाद आवास की कीमत 14 लाख 12 हजार रुपये बताकर अलग-अलग किश्तों में रकम मांगी गई। पीड़ित ने बैंक खातों, फोन-पे, गूगल-पे और नकद के माध्यम से कुल 9 लाख 8 हजार रुपये आरोपियों को दे दिए। इसके अलावा दोनों ने बैंक ऑफ बड़ौदा और स्टेट बैंक के दो खाली हस्ताक्षरित चेक भी ले लिए।

बाद में जब पीड़ित को ठगी का एहसास हुआ और उसने अपनी रकम वापस मांगी तो आरोपियों ने 2 लाख 98 हजार 999 रुपये वापस किए, जबकि शेष रकम वापस नहीं की।

Dhamtari Crime: शिकायत के आधार पर सिटी कोतवाली पुलिस ने धारा 318(4), 3(5) बीएनएस के तहत मामला दर्ज कर जांच शुरू की। पुलिस ने तकनीकी साक्ष्यों और प्राप्त सूचनाओं के आधार पर शशि प्रभा साहू पति प्रीतम साहू (50) और अमित कुमार देवांगन पिता स्व. सुखराम देवांगन (38) को हिरासत में लेकर पूछताछ की। पुलिस के अनुसार, पूछताछ में अपराध स्वीकार किए जाने के बाद दोनों को गिरफ्तार कर न्यायिक रिमांड पर न्यायालय में पेश किया गया।

Share The News

LEAVE A REPLY

Please enter your comment!
Please enter your name here