Cyclonic Storm Montha : रायपुर। अरब सागर से उठे चक्रवाती तूफान मोंथा का रुख अब छत्तीसगढ़ की ओर हो चला है। हालांकि यह अब कमजोर होकर साधारण चक्रवाती तूफान में तब्दील हो चुका है, लेकिन इसका असर प्रदेश के मौसम पर साफ दिखने वाला है। मौसम विभाग ने चेतावनी दी है कि आने वाले 24 घंटे छत्तीसगढ़ के कई इलाकों के लिए बारिश भरे रहेंगे।
Cyclonic Storm Montha : तूफान वर्तमान में करीब 10 किलोमीटर प्रति घंटे की रफ्तार से उत्तर-पश्चिम दिशा में बढ़ रहा है और अगले 6 से 12 घंटों में डीप डिप्रेशन (गहरा दबाव) में बदल सकता है। इसके चलते बुधवार को पूरे प्रदेश में हल्की से मध्यम बारिश के साथ एक-दो स्थानों पर भारी से अति भारी वर्षा होने की संभावना जताई गई है।
मौसम वैज्ञानिकों के अनुसार, बारिश का दायरा फिलहाल मध्य और दक्षिण छत्तीसगढ़ रहेगा, जो धीरे-धीरे उत्तर छत्तीसगढ़ की ओर बढ़ेगा। इस दौरान हवा की रफ्तार 20 से 30 किलोमीटर प्रति घंटा तक पहुंच सकती है। बारिश की यह सिलसिला 31 अक्टूबर तक जारी रहने का अनुमान है।
कहां-कहां होगी ज्यादा बारिश?
मौसम विभाग के पूर्वानुमान के मुताबिक, अगले 48 घंटों में बिलासपुर, कोरबा, जशपुर, रायगढ़, सरगुजा और कांकेर जिलों में तेज मेघगर्जन के साथ भारी बारिश हो सकती है। वहीं कुछ स्थानों पर बिजली गिरने और तेज हवा चलने की भी चेतावनी दी गई है।
राजधानी रायपुर का मौसम
राजधानी रायपुर में आज आसमान पूरी तरह से बादलों से घिरा रहेगा। दिनभर रुक-रुककर वर्षा और गरज-चमक के आसार हैं। अधिकतम तापमान लगभग 30 डिग्री सेल्सियस और न्यूनतम 24 डिग्री सेल्सियस के आसपास रहने की संभावना है। मौसम विभाग ने लोगों से अनावश्यक रूप से खुले में न निकलने और सतर्क रहने की अपील की है।
यह साफ है कि मोंथा तूफान भले ही कमजोर पड़ा हो, लेकिन उसकी नमी और हवा का असर छत्तीसगढ़ में झमाझम बरसात के रूप में जारी रहेगा।













