Congress’s 141st Foundation Day : नई दिल्ली। भारतीय राष्ट्रीय कांग्रेस ने रविवार को अपना 141वां स्थापना दिवस उत्साहपूर्वक मनाया। दिल्ली स्थित इंदिरा भवन में आयोजित मुख्य समारोह में पार्टी अध्यक्ष मल्लिकार्जुन खड़गे ने ध्वजारोहण किया। इस अवसर पर सोनिया गांधी, राहुल गांधी और पार्टी के तमाम वरिष्ठ नेता मौजूद रहे।
अपने संबोधन में मल्लिकार्जुन खड़गे ने केंद्र सरकार पर जमकर निशाना साधते हुए कहा कि कांग्रेस के पास आज सत्ता भले कम हो, लेकिन उसकी रीढ़ अभी भी सीधी है और पार्टी अपने सिद्धांतों, संविधान व गरीबों के अधिकारों से कभी समझौता नहीं करेगी।
खड़गे ने बीजेपी और आरएसएस पर हमला बोलते हुए कहा कि कांग्रेस हमेशा जोड़ने की राजनीति करती आई है, जबकि सत्ता पक्ष धर्म को हथियार बनाकर देश को बांटने में जुटा है। उन्होंने आरोप लगाया कि पिछले 11 वर्षों में मोदी सरकार ने उन संस्थानों को कमजोर किया है जिन्हें कांग्रेस ने दशकों की मेहनत से खड़ा किया था।
खड़गे ने यूपीए सरकार के दौरान लागू किए गए मनरेगा, खाद्य सुरक्षा, आरटीआई और शिक्षा के अधिकार जैसे कानूनों का जिक्र करते हुए कहा कि कांग्रेस ने हमेशा जनता को अधिकार संपन्न बनाया है। उल्लेखनीय है कि 28 दिसंबर 1885 को मुंबई के गोकुलदास तेजपाल संस्कृत कॉलेज में 72 प्रतिनिधियों के साथ कांग्रेस की नींव रखी गई थी, जिसके पहले अध्यक्ष व्योमेश चंद्र बनर्जी थे।













