छत्तीसगढ़ में लगातार बढ़ रही गर्मी के बीच अब मौसम में बदलाव के संकेत मिल रहे हैं। मौसम विभाग ने प्रदेश में अगले तीन दिनों तक बारिश की संभावना जताई है, जिससे लोगों को गर्मी से राहत मिल सकती है।विशेष रूप से बस्तर संभाग के कई इलाकों में मौसम का असर अधिक देखने को मिल सकता है।
रायपुर में फिलहाल शुष्क रहेगा मौसम
राजधानी रायपुर में फिलहाल मौसम शुष्क रहने का अनुमान है। यहां अधिकतम तापमान लगभग 38 डिग्री सेल्सियस और न्यूनतम तापमान करीब 23 डिग्री सेल्सियस रहने की संभावना जताई गई है।हालांकि मौसम विभाग का कहना है कि आने वाले दिनों में तापमान में 4 से 5 डिग्री तक गिरावट दर्ज की जा सकती है।
राजनांदगांव में सबसे ज्यादा गर्मी
प्रदेश में सबसे अधिक तापमान राजनांदगांव में दर्ज किया गया, जहां पारा 39.5 डिग्री सेल्सियस तक पहुंच गया। यह राजधानी रायपुर के तापमान से करीब डेढ़ डिग्री अधिक रहा।
मौसम विभाग के आंकड़ों के अनुसार प्रदेश के कई जिलों में तापमान सामान्य से लगभग 4 डिग्री अधिक दर्ज किया जा रहा है। इसके साथ ही रात के तापमान में भी बढ़ोतरी होने से लोगों को दिन और रात दोनों समय गर्मी का असर महसूस हो रहा है।
बस्तर के इन जिलों के लिए अलर्ट
मौसम विभाग ने बस्तर संभाग के कई जिलों में आंधी-तूफान और बारिश की संभावना जताई है।बीजापुर, सुकमा और दंतेवाड़ा जिलों के लिए येलो अलर्ट जारी किया गया है। इन क्षेत्रों में तेज हवा के साथ बारिश हो सकती है।
बारिश से मिलेगी राहत
मौसम विशेषज्ञों का मानना है कि यदि बारिश होती है तो प्रदेश के कई हिस्सों में तापमान में गिरावट आएगी और गर्मी से राहत मिलेगी।आने वाले दिनों में मौसम का रुख कैसा रहेगा, इस पर मौसम विभाग लगातार नजर बनाए हुए है।











