CG NEWS: रायपुर में राज्यसभा चुनाव को लेकर सियासत तेज हो गई है। छत्तीसगढ़ भाजपा ने कांग्रेस की राज्यसभा प्रत्याशी फूलोदेवी को लेकर पोस्टर जारी कर तंज कसा है। पोस्टर में लिखा गया है कि गुलाब के फूल बिछाकर स्वागत करने के बाद भी भूपेश बघेल और दीपक बैज पर फूलोदेवी की “सोनिया सेवा” भारी पड़ गई।
CG NEWS:भाजपा की ओर से जारी पोस्टर में पूर्व मुख्यमंत्री भूपेश बघेल और प्रदेश कांग्रेस अध्यक्ष दीपक बैज को राहुल गांधी और प्रियंका गांधी के सामने हाथ जोड़कर खड़े दिखाया गया है। पोस्टर में यह दर्शाया गया है कि भूपेश बघेल अपने बेटे के लिए और दीपक बैज खुद को राज्यसभा प्रत्याशी बनाने की मांग कर रहे हैं। वहीं प्रियंका गांधी को यह कहते हुए दिखाया गया है कि फूलोदेवी ने उनकी मां की सेवा के लिए पूरी मेहनत की थी।
CG NEWS:पोस्टर के जरिए भाजपा ने तंज कसते हुए कहा है कि गुलाब का फूल बिछाकर स्वागत करने के बावजूद भूपेश बघेल और दीपक बैज पर फूलोदेवी की सोनिया सेवा भारी पड़ गई।
CG NEWS:इस मुद्दे पर भाजपा के वरिष्ठ विधायक अजय चंद्राकर ने मीडिया से चर्चा में कहा कि यह मुद्दा किसकी चली या नहीं चली, इसका नहीं है। उन्होंने कहा कि पिछली बार जो तीन राज्यसभा सांसद चुने गए थे, उन्हें लोग पहचानते भी नहीं थे, लेकिन अब कम से कम लोग पहचान तो रहे हैं।
CG NEWS:वहीं दुर्ग में कथित रूप से भाजपा नेता से जुड़ी अफीम की खेती के मामले पर अजय चंद्राकर ने कहा कि उन्होंने यह खबर अखबारों में पढ़ी है। उन्होंने कहा कि इस मामले में जांच की जाएगी कि संबंधित व्यक्ति भाजपा से जुड़ा है या नहीं। उन्होंने कहा कि जो भी गलत करेगा, उसके खिलाफ कार्रवाई होगी और इसमें कांग्रेस या भाजपा देखने की जरूरत नहीं है।
CG NEWS:धान खरीदी के मुद्दे पर भूपेश बघेल के बयान पर प्रतिक्रिया देते हुए अजय चंद्राकर ने कहा कि धान खरीदी के विषय पर प्रतिक्रिया देने का भूपेश बघेल को नैतिक अधिकार नहीं है। उन्होंने कहा कि जहां भी जरूरत होगी, वहां इस मुद्दे पर खुलकर चर्चा की जाएगी और जो गलत कर रहे हैं, उनके खिलाफ कार्रवाई की जा रही है।
CG NEWS:होली के दौरान शराब बिक्री बढ़ने के सवाल पर चंद्राकर ने कहा कि सरकार को होली के बाद बोनस देना था, लेकिन लोग शराब पी गए तो उसमें सरकार क्या कर सकती है। उन्होंने इसे एक सामाजिक बुराई बताया।











