CG News : जांजगीर-चांपा, 25 अगस्त 2025 — छत्तीसगढ़ के पामगढ़ क्षेत्र के कमरीद गांव में एक युवक ने बीमा राशि पाने के लिए अपनी मौत की झूठी साजिश रची, जिसे पुलिस ने सोशल मीडिया की मदद से बेनकाब कर दिया। इस मामले ने हर किसी को हैरान कर दिया है।
CG News : पामगढ़ थाना क्षेत्र के तिलक राम श्रीवास ने 19 अगस्त को सूचना दी थी कि उनका बेटा कौशल श्रीवास लापता है। जांच के दौरान शिवनाथ नदी के पुल के पास युवक की स्कूटी, जूते और मोबाइल फोन मिले, जिससे लग रहा था कि युवक डूबकर मर गया है। हालांकि आगे की जांच में मामला उलट निकला।
मौत की साजिश के पीछे था भारी कर्ज और बीमा राशि की लालसा
जांजगीर पुलिस अधीक्षक विजय कुमार पांडेय और एएसपी उमेश कश्यप के नेतृत्व में जांच में सामने आया कि युवक कौशल श्रीवास ने अपने पिता पर 1 लाख रुपए के कर्ज से छुटकारा पाने के लिए यह षड्यंत्र रचा था। कौशल ने अपने नाम पर 40 लाख रुपए का लाइफ इंश्योरेंस कर रखा था, जो उसकी मौत के बाद मिलेगी। इसलिए उसने अपने मरने की कहानी गढ़ी।
सोशल मीडिया ने खोला राज़, पुलिस ने पकड़ा युवक
नदी में युवक की खोजबीन के लिए डीआरएफ और एसडीआरएफ की टीम लगी थी, लेकिन कोई सफलता नहीं मिली। बाद में पुलिस ने सायबर सेल की मदद ली। जांच के दौरान 20 अगस्त को कौशल का इंस्टाग्राम अकाउंट सक्रिय पाया गया। उसने दिल्ली में अपने एक दोस्त को मैसेज कर वहां आने की सूचना दी, लेकिन दोस्त ने मिलने से मना कर दिया। इसके बाद कौशल वापस बिलासपुर लौट आया और किसी अन्य फोन से अपने भाई को मैसेज किया। भाई ने यह सूचना पुलिस को दी, जिसके बाद पुलिस ने कौशल को पकड़ लिया।
पुलिस पूछताछ में कौशल ने बताया कि परिवार की आर्थिक परेशानियों से बाहर निकलने के लिए उसने खुद को मृत बताने की योजना बनाई थी ताकि बीमा राशि हासिल कर सके।













