Indore Murder Case Chhattisgarh Youth : इंदौर/सक्ती : मध्य प्रदेश के इंदौर में छत्तीसगढ़ के सक्ती जिले के हसौद निवासी एक युवक की अज्ञात बदमाशों ने बेरहमी से हत्या कर दी। मृतक खोजराम नारंग (40) का शव 12 फरवरी की सुबह एमआर-4 रेलवे क्रॉसिंग के पास खून से लथपथ हालत में मिला। प्रारंभिक जांच में पता चला है कि हत्यारों ने धारदार हथियार से युवक का गला रेता है।
फोन पर सुनाई दी मारपीट की आवाजें
मृतक की पत्नी सती नारंग ने बताया कि बुधवार रात करीब 10 बजे उनके पति का फोन आया था। खोजराम ने बताया कि वह शराब दुकान के पास है और कुछ युवकों से उसका विवाद हो रहा है। बातचीत के दौरान ही अचानक धक्का-मुक्की और मारपीट की आवाजें आने लगीं और फिर मोबाइल बंद हो गया। पूरी रात खोजराम घर नहीं लौटा और अगली सुबह उसकी लाश मिलने की खबर आई।
रोजगार की तलाश में गया था इंदौर
खोजराम नारंग सक्ती जिले के देवरघटा गांव का रहने वाला था और करीब 4-5 महीने पहले ही काम की तलाश में इंदौर गया था। वह वहां के पोलोग्राउंड स्थित एक फोटो स्टूडियो लैब में एल्बम बनाने का काम करता था और अपने रिश्तेदारों के साथ किराए के मकान में रहता था। बाणगंगा थाना पुलिस ने बीएनएस की धारा 103(1) के तहत मामला दर्ज कर जांच शुरू कर दी है।
मुख्यमंत्री ने जताया शोक
घटना की जानकारी मिलने के बाद पूर्व विधायक निर्मल सिन्हा ने पीड़ित परिवार से मुलाकात की और उनकी बात छत्तीसगढ़ के मुख्यमंत्री विष्णुदेव साय से कराई। मुख्यमंत्री ने फोन पर मृतक की पत्नी को ढांढस बंधाया और गहरी संवेदना व्यक्त की। सीएम साय ने आश्वासन दिया कि दुख की इस घड़ी में सरकार परिवार के साथ है और उन्हें हर संभव आर्थिक एवं कानूनी सहायता प्रदान की जाएगी।









