Thursday, August 20, 2026
Home Madhya Pradesh Indore Khajrana Ganesh Temple Indore News : खजराना मंदिर की मर्यादा से खिलवाड़:...

Khajrana Ganesh Temple Indore News : खजराना मंदिर की मर्यादा से खिलवाड़: गर्भगृह में गुंडे को एंट्री देना गार्ड को पड़ा भारी, सेवा से बर्खास्त

Khajrana Ganesh Temple Indore News : इंदौर : इंदौर के गौरव और आस्था के प्रमुख केंद्र खजराना गणेश मंदिर के गर्भगृह में एक कुख्यात अपराधी को अनाधिकृत रूप से प्रवेश कराने का मामला सामने आया है। सोशल मीडिया पर वीडियो वायरल होने के बाद इंदौर कलेक्टर और मंदिर प्रबंध समिति के अध्यक्ष शिवम वर्मा ने इस पर तत्काल संज्ञान लिया। जांच में घटना की पुष्टि होने के बाद दोषियों के विरुद्ध कठोर अनुशासनात्मक और कानूनी कार्रवाई की गई है।

सीसीटीवी फुटेज ने खोली मिलीभगत की पोल

वायरल वीडियो के आधार पर जब मंदिर परिसर में लगे सीसीटीवी कैमरों की जांच की गई, तो चौंकाने वाला सच सामने आया। फुटेज में देखा गया कि स्थानीय निवासी आकाश रावत ने गर्भगृह के चैनल गेट पर तैनात सुरक्षा गार्ड से साठगांठ की। इसके बाद गार्ड ने नियम विरुद्ध तरीके से गेट खोला और सतीश भाऊ नामक अपराधी को गर्भगृह के भीतर प्रवेश कराया। मंदिर के नियमों के अनुसार, गर्भगृह में प्रवेश पूर्णतः प्रतिबंधित है।

बर्खास्तगी और 21 हजार का जुर्माना

कलेक्टर शिवम वर्मा की सख्ती के बाद सुरक्षा एजेंसी ‘मेसर्स बालाजी सिक्युरिटी सर्विस’ द्वारा तैनात उस सुरक्षा गार्ड को तत्काल प्रभाव से मंदिर सेवा से बर्खास्त कर दिया गया है। इसके अलावा, सुरक्षा में इतनी बड़ी लापरवाही बरतने पर एजेंसी पर 21,000 रुपये का जुर्माना भी ठोक दिया गया है। मंदिर के पुजारियों को भी सख्त हिदायत दी गई है कि भविष्य में ऐसी किसी भी घटना की पुनरावृत्ति न हो।

खजराना थाने में एफआईआर दर्ज

प्रशासन केवल विभागीय कार्रवाई तक नहीं रुका। मंदिर प्रबंध समिति के सदस्य घनश्याम शुक्ला की शिकायत पर खजराना पुलिस ने आरोपी आकाश रावत के विरुद्ध अनाधिकृत प्रवेश और शासकीय कार्य में बाधा पहुंचाने जैसी धाराओं के तहत एफआईआर दर्ज की है। पुलिस अब सतीश भाऊ और उसे सहयोग करने वाले अन्य लोगों की भूमिका की जांच कर रही है।

राजेश दंडोतिया, एडिशनल डीसीपी, इंदौर

“खजराना गणेश मंदिर के गर्भगृह में अनाधिकृत प्रवेश का मामला सामने आया है। सीसीटीवी फुटेज के आधार पर घटना की पुष्टि हुई है। मंदिर प्रबंध समिति की रिपोर्ट पर आरोपी आकाश रावत के विरुद्ध मामला दर्ज किया गया है। मंदिर की सुरक्षा व्यवस्था से समझौता करने वालों और नियमों का उल्लंघन करने वालों के खिलाफ सख्त वैधानिक कार्रवाई की जा रही है।”

Share The News

LEAVE A REPLY

Please enter your comment!
Please enter your name here