Bihar Elections 2025 : पटना। बिहार विधानसभा चुनाव 2025 का रण जीतने के लिए आम आदमी पार्टी (AAP) ने गुरुवार, 23 अक्टूबर 2025 को अपना चुनावी घोषणापत्र जारी कर दिया है। पार्टी ने मतदाताओं को लुभाने के लिए लोकलुभावन वादों की झड़ी लगा दी है, जिनमें 300 यूनिट मुफ्त बिजली, महिलाओं के लिए विशेष सम्मान राशि और पुराने बिजली बिलों की माफी जैसी प्रमुख घोषणाएं शामिल हैं। AAP ने दावा किया है कि वह बिहार को शिक्षा, स्वास्थ्य और रोजगार के क्षेत्र में ‘दिल्ली मॉडल’ पर आगे बढ़ाएगी, जिसे ‘जनता के हक और भरोसे का दस्तावेज़’ बताया जा रहा है।
Bihar Elections 2025 : बिजली पर डबल दांव: 300 यूनिट फ्री और बिल माफ
AAP ने बिजली के मुद्दे पर खुद को महागठबंधन से भी आगे साबित करने की कोशिश की है। पार्टी ने वादा किया है कि अगर बिहार में उसकी सरकार बनती है तो राज्य के हर घर को 300 यूनिट तक मुफ्त बिजली दी जाएगी, जबकि महागठबंधन पहले ही 200 यूनिट फ्री बिजली देने का वादा कर चुका है। इसके साथ ही, पार्टी ने यह भी घोषणा की है कि बिजली के सभी पुराने बकाया बिल माफ किए जाएंगे। ऊर्जा क्षेत्र में सुधार के लिए लोगों को सौर ऊर्जा अपनाने के लिए प्रेरित करने हेतु एक विशेष सोलर सब्सिडी योजना भी शुरू की जाएगी।
महिलाओं के लिए ‘मैया सम्मान’ और मुफ्त यात्रा
AAP के घोषणापत्र में महिलाओं पर खास फोकस किया गया है। पार्टी ने ‘मैया सम्मान योजना’ के तहत हर माह महिलाओं को ₹3,000 की आर्थिक सहायता देने का वादा किया है। इसके अलावा, महिलाओं को सरकारी बसों में मुफ्त यात्रा की सुविधा मिलेगी। आर्थिक रूप से सशक्त बनाने के लिए महिलाओं को अपना छोटा व्यवसाय शुरू करने हेतु ₹10 लाख तक का ब्याज मुक्त लोन दिया जाएगा। इतना ही नहीं, रसोइयों और सहायिकाओं का मासिक वेतन बढ़ाकर ₹12,000 प्रतिमाह करने का वादा भी किया गया है।
READ MORE : Indore News : भावांतर योजना के तहत सोयाबीन खरीदी शुरू, कलेक्टर ने लक्ष्मीबाई नगर मंडी का किया दौरा…
शिक्षा: दिल्ली मॉडल, फ्री कोचिंग और बेटी प्रोत्साहन
युवाओं के भविष्य को ध्यान में रखते हुए शिक्षा और रोजगार पर बड़ा फोकस है। पार्टी ने दिल्ली और पंजाब की तर्ज पर हर पंचायत में आधुनिक स्कूल, स्मार्ट क्लासरूम और लैब बनाने की घोषणा की है। सबसे महत्वपूर्ण वादा यह है कि बिहार के युवाओं को अब प्रतियोगी परीक्षाओं की कोचिंग के लिए बाहर नहीं जाना पड़ेगा; राज्य में ही फ्री SSC, UPSC, NEET और JEE कोचिंग की सुविधा दी जाएगी। वहीं, ‘बेटी प्रोत्साहन योजना’ के तहत 10वीं पास बेटियों को ₹1 लाख, 12वीं पास को ₹2 लाख और ग्रेजुएशन पूरी करने पर ₹5 लाख की बड़ी आर्थिक सहायता दी जाएगी। पार्टी ने दावा किया है कि यह घोषणापत्र बिहार में एक नई राजनीति की शुरुआत करेगा।













