Tuesday, September 15, 2026
Home Madhya Pradesh M.P News : बड़वानी की बेटियों ने रचा इतिहास! महक 10वीं टॉपर,...

M.P News : बड़वानी की बेटियों ने रचा इतिहास! महक 10वीं टॉपर, उमामा 12वीं में अव्वल

निशानेबाज न्यूज़ डेस्क : मध्य प्रदेश बोर्ड के 10वीं के परिणाम में बड़वानी जिले की महक गोले ने शानदार प्रदर्शन करते हुए 98.8% अंक हासिल किए। 500 में से 494 अंक लाकर उन्होंने न सिर्फ जिले में टॉप किया, बल्कि पूरे प्रदेश में छठवीं रैंक भी प्राप्त की। अंजड़ की मॉडर्न एकेडमी की छात्रा महक की यह उपलब्धि पूरे जिले के लिए गर्व का विषय बन गई है।

पिता के संघर्ष ने दी प्रेरणा

महक की सफलता के पीछे उनके पिता का संघर्ष एक बड़ी प्रेरणा है। उनके पिता बलिराम गोले मटके बनाने का काम करते हैं और कड़ी मेहनत से परिवार का पालन-पोषण करते हैं। महक ने बताया कि उन्होंने अपने पिता को दिन-रात मेहनत करते देखा है, जिससे उन्हें आगे बढ़ने की प्रेरणा मिली।

UPSC का सपना, IAS बनने का लक्ष्य

महक ने अपनी सफलता का श्रेय अपने माता-पिता और शिक्षकों को दिया है। उन्होंने कहा कि उनका सपना UPSC परीक्षा पास कर IAS अधिकारी बनने का है, जिसके लिए वे आगे भी कड़ी मेहनत करेंगी।

12वीं में उमामा मंसूरी का शानदार प्रदर्शन

वहीं, 12वीं कक्षा में हरसुख दिगंबर जैन हायर सेकेंडरी स्कूल की छात्रा उमामा मंसूरी ने 97% अंक हासिल कर जिले में पहला स्थान प्राप्त किया। उन्होंने 500 में से 485 अंक अर्जित कर प्रदेश मेरिट में सातवां स्थान हासिल किया।

डॉक्टर बनने का सपना

उमामा मंसूरी का सपना डॉक्टर बनना है। उन्होंने बताया कि बायोलॉजी उनका पसंदीदा विषय है और इसी क्षेत्र में आगे बढ़ना चाहती हैं। उनके पिता पुलिस विभाग में हेड कांस्टेबल हैं, जिन्होंने उनकी पढ़ाई में पूरा सहयोग दिया।

स्कूल और परिवार में खुशी का माहौल

दोनों छात्राओं की सफलता पर स्कूलों में खुशी का माहौल है। शिक्षकों ने मिठाई खिलाकर बधाई दी और उनके उज्ज्वल भविष्य की कामना की। बड़वानी जिले के लिए यह गर्व का क्षण है कि इस बार प्रदेश मेरिट सूची में दो छात्राओं ने जगह बनाई है।

Share The News

LEAVE A REPLY

Please enter your comment!
Please enter your name here