Ayodhya News :अयोध्या के पूराकलंदर क्षेत्र के भदसा गांव में गुरुवार को एक भीषण विस्फोट हुआ, जिसमें पूरा मकान जमींदोज हो गया। धमाके की आवाज दूर-दूर तक सुनाई दी और मलबा कई मीटर तक फैल गया। घटना में चार लोगों की मौत हो गई, जबकि कई अन्य घायल हुए हैं। धमाके के बाद पूरे इलाके में दहशत का माहौल है।
Ayodhya News :जानकारी के मुताबिक, दोपहर के समय गांव के एक मकान में अचानक जोरदार विस्फोट हुआ। धमाका इतना भीषण था कि मकान पलभर में ढह गया। आसपास के लोग घरों से बाहर निकल आए। सूचना मिलते ही पुलिस और राहत दल मौके पर पहुंचे और मलबा हटाने का कार्य शुरू किया।
Ayodhya News :घटना में एक व्यक्ति की मौके पर ही मौत हो गई, जबकि गंभीर रूप से घायल तीन लोगों ने इलाज के दौरान अस्पताल में दम तोड़ दिया। प्रारंभिक जांच में पुलिस ने मकान में अवैध पटाखा फैक्ट्री संचालित होने की आशंका जताई है। अधिकारियों का कहना है कि बड़ी मात्रा में बारूद होने के कारण धमाका इतना भीषण हुआ। फिलहाल फोरेंसिक टीम के साथ जांच जारी है।
Ayodhya News : बताया जा रहा है कि चार दिन पहले भी अयोध्या के बीकापुर क्षेत्र में एक मकान में धमाका हुआ था, जिसमें एक व्यक्ति की मौत हुई थी और दो घायल हुए थे। लगातार दो धमाकों ने प्रशासन की सुरक्षा व्यवस्था और अवैध पटाखा निर्माण पर गंभीर सवाल खड़े कर दिए हैं।











