विदिशा : मध्य प्रदेश के विदिशा जिले में तेज रफ्तार का कहर देखने को मिला, जहां बारातियों से भरी एक गाड़ी अनियंत्रित होकर खाई में गिर गई। इस भीषण हादसे में तीन लोगों की मौत हो गई, जबकि कई अन्य बाराती घायल हो गए। घायलों को तत्काल जिला अस्पताल और मेडिकल कॉलेज में भर्ती कराया गया है, जहां उनका उपचार जारी है।
10 से अधिक बाराती थे वाहन में सवार
प्रारंभिक जानकारी के अनुसार रायसेन जिले के गैरतगंज क्षेत्र से एक बारात विदिशा आई थी। बारातियों को लेकर जा रही टवेरा गाड़ी में लगभग 10 से 15 लोग सवार थे। बताया जा रहा है कि तेज रफ्तार के कारण चालक वाहन पर नियंत्रण खो बैठा और गाड़ी जब्बार बागरी औद्योगिक क्षेत्र के पास खाई में गिरकर पलट गई।
पुलिस ने मौके पर पहुंचकर संभाली स्थिति
घटना की सूचना मिलते ही स्थानीय पुलिस और प्रशासनिक टीम तुरंत मौके पर पहुंची। घायलों को एंबुलेंस की मदद से अस्पताल पहुंचाया गया। इलाज के दौरान तीन बारातियों की मौत हो गई, जबकि करीब सात घायलों का उपचार जारी है।
तेज रफ्तार बनी हादसे की वजह
प्राथमिक जांच में हादसे का मुख्य कारण वाहन की अधिक गति बताया जा रहा है। पुलिस पूरे मामले की जांच कर रही है और दुर्घटना से जुड़े अन्य पहलुओं को भी खंगाला जा रहा है।













