शाजापुर| शाजापुर जिले के कबूलपुरा गांव में गुरुवार शाम एक दर्दनाक हादसा हो गया। काली सिंध नदी पर बन रहे डेम में नहाने गए चार दोस्तों में से एक युवक डूब गया। यह घटना उकावता चौकी क्षेत्र की है। सभी युवक आसपास के गांव के बताए जा रहे हैं, जो गर्मी से राहत पाने के लिए डेम में पहुंचे थे।
Read More : Janman Yojana : छत्तीसगढ़ को जनमन योजना के तहत 100 नए पुलों की मिली स्वीकृति, 375 करोड़ से होगा निर्माण
प्राप्त जानकारी के अनुसार, लगभग 17-18 वर्षीय विशाल, पिता बलवान सिंह, अपने तीन दोस्तों के साथ डेम में नहाने गया था। नहाते समय तीन युवक तो किसी तरह बाहर निकल आए, लेकिन विशाल गहरे पानी में डूब गया और वापस नहीं आ सका। दोस्तों ने तत्काल इसकी सूचना गांव और पुलिस को दी।
घटना की जानकारी मिलते ही उकावता चौकी प्रभारी रमेश यादव और सुनेरा थाना प्रभारी भरत किरार पुलिस बल के साथ मौके पर पहुंचे। स्थिति की गंभीरता को देखते हुए शाजापुर से होमगार्ड और एसडीआरएफ की टीम को भी बुलाया गया। टीम ने तत्काल सर्च ऑपरेशन शुरू कर दिया है और पूरे क्षेत्र में तलाश जारी है।
अभी तक डूबे हुए युवक विशाल का कोई सुराग नहीं मिला है। घटनास्थल पर युवक के परिजनों का रो-रोकर बुरा हाल है। वहीं, आसपास के ग्रामीणों की भारी भीड़ भी मौके पर एकत्र हो गई है, जो स्थिति को चिंताजनक बना रही है। पुलिस प्रशासन भीड़ को नियंत्रित करते हुए राहत कार्य में जुटा है।
SDRF की गोताखोर टीम डेम में लगातार खोजबीन कर रही है। अंधेरा बढ़ने के बावजूद रेस्क्यू अभियान जारी है। प्रशासन ने लोगों से अपील की है कि वे जलाशयों और निर्माणाधीन डेम में सावधानी बरतें और सुरक्षा के बिना जलक्रीड़ा से बचें।











