Illegal mining : राजनांदगांव। जिला मुख्यालय राजनांदगांव से कुछ ही किलोमीटर की दूरी पर स्थित ग्राम घोरदा में मंगलवार को उस समय भारी हंगामा मच गया, जब ग्रामीणों ने एक वाहन को बिना रॉयल्टी पर्ची के पत्थर सहित पकड़ लिया। अवैध परिवहन की सूचना मिलते ही प्रशासनिक अमला तत्काल सक्रिय हुआ और मौके पर थाना प्रभारी और माइनिंग इंस्पेक्टर पहुँचे।
प्रशासनिक अधिकारियों के मौके पर पहुँचते ही ग्रामीण और अधिकारियों के बीच तीखी नोकझोंक शुरू हो गई, जिससे मौके पर काफी गहमागहमी और तनाव की स्थिति बन गई थी।
सूत्रों से मिली जानकारी के अनुसार, घोरदा में स्थित एक क्रशर खदान को लेकर पिछले लंबे समय से विवाद की स्थिति चल रही है और यह मामला न्यायालय में लंबित भी है। पूर्व में भी इस खदान को लेकर बड़ा विवाद हो चुका है।
Illegal mining : ग्रामीणों का आरोप है कि यहाँ लगातार अवैध उत्खनन किया जा रहा है। क्रशर संचालन के लिए कोई अनापत्ति प्रमाण पत्र (NOC) नहीं लिया गया है, इसके बावजूद खदान संचालक अवैध तरीके से दादागिरी करते हुए खदान का संचालन कर रहा है। आज जब ग्रामीणों ने बिना रॉयल्टी पर्ची के पत्थर का परिवहन कर रही गाड़ी को रोका, तो क्रशर मालिक के गुर्गों द्वारा उनके साथ बदतमीजी की गई।
ग्रामीणों ने मौके पर पहुँचे अधिकारियों पर भी खदान मालिक के साथ सांठगांठ का गंभीर आरोप लगाया है। ग्रामीणों ने चेतावनी दी है कि वे बहुत जल्द दस्तावेजों और प्रमाणों के साथ कलेक्टर कार्यालय और थाने का घेराव करेंगे, यदि अवैध उत्खनन और परिवहन पर रोक नहीं लगी।













