निशानेबाज न्यूज़ डेस्क: टी20 वर्ल्ड कप 2026 जीतने के बाद भारतीय क्रिकेट टीम का जल्द ही भव्य सम्मान होने जा रहा है। सूर्यकुमार यादव की कप्तानी में टीम इंडिया ने रिकॉर्ड तीसरी बार टी20 वर्ल्ड कप ट्रॉफी अपने नाम की, जिसके बाद अब भारतीय क्रिकेट कंट्रोल बोर्ड (BCCI) खिलाड़ियों को सम्मानित करने जा रहा है।
हालांकि इस बार वर्ल्ड कप जीतने के बाद टीम इंडिया को पिछली बार की तरह विक्ट्री परेड का मौका नहीं मिला, लेकिन इसकी भरपाई BCCI अपने वार्षिक सम्मान समारोह NAMAN अवॉर्ड्स के जरिए करेगा।
15 मार्च को दिल्ली में होगा समारोह
BCCI की ओर से 15 मार्च को नई दिल्ली में ‘NAMAN अवॉर्ड्स’ समारोह आयोजित किया जाएगा। यह बोर्ड का वार्षिक सम्मान कार्यक्रम है, जिसमें खिलाड़ियों, पूर्व खिलाड़ियों, कोच और अंपायरों को विभिन्न श्रेणियों में सम्मानित किया जाता है।इस समारोह में 2025 में शानदार प्रदर्शन करने वाले खिलाड़ियों को अवॉर्ड दिए जाएंगे।
Read More : M.P News : बड़वानी में निरीक्षण के दौरान मधुमक्खियों का हमला! जनपद CEO समेत 3 लोग घायल
शुभमन गिल बनेंगे ‘क्रिकेटर ऑफ द ईयर’
रिपोर्ट के मुताबिक भारतीय टीम के टेस्ट और वनडे कप्तान शुभमन गिल को ‘क्रिकेटर ऑफ द ईयर’ अवॉर्ड से सम्मानित किया जाएगा।गिल ने पिछले साल शानदार प्रदर्शन करते हुए खासकर इंग्लैंड दौरे पर अपनी पहली टेस्ट सीरीज में 4 शतकों की मदद से 754 रन बनाए थे।
इसके अलावा चैंपियंस ट्रॉफी में भी भारत की जीत में उनका अहम योगदान रहा, जहां उन्होंने एक शतक भी लगाया था।तीनों फॉर्मेट में गिल ने पिछले साल 42 पारियों में 49 की औसत से 1764 रन बनाए, जिसमें 7 शतक और 3 अर्धशतक शामिल हैं।
राहुल द्रविड़ को मिलेगा लाइफटाइम अचीवमेंट अवॉर्ड
भारतीय क्रिकेट के महान बल्लेबाज और पूर्व कोच राहुल द्रविड़ को इस समारोह में सीके नायडू लाइफटाइम अचीवमेंट अवॉर्ड से सम्मानित किया जाएगा।
द्रविड़ ने बतौर खिलाड़ी और कोच भारतीय क्रिकेट को कई यादगार उपलब्धियां दिलाई हैं। उनकी कोचिंग में ही भारत ने 2024 में टी20 वर्ल्ड कप जीतकर 11 साल का इंतजार खत्म किया था।
युवा खिलाड़ियों को भी मिलेगा सम्मान
इस समारोह में युवा खिलाड़ियों को भी सम्मानित किया जाएगा।अंडर-19 वर्ल्ड कप जीतने वाली भारतीय टीम के कप्तान आयुष म्हात्रे को पिछले सीजन में शानदार प्रदर्शन के लिए बेस्ट डोमेस्टिक ऑलराउंडर अवॉर्ड दिया जाएगा।
BCCI का यह समारोह भारतीय क्रिकेट के खिलाड़ियों के योगदान को सम्मान देने और नई पीढ़ी को प्रेरित करने के उद्देश्य से आयोजित किया जाता है।











