Sunday, October 4, 2026
Home Madhya Pradesh Oil Theft Gang Salaslai News : ट्रांसफार्मर से तेल चुराने वाली गैंग...

Oil Theft Gang Salaslai News : ट्रांसफार्मर से तेल चुराने वाली गैंग का पर्दाफाश: पुलिस की गिरफ्त में आए दो और आरोपी, जेल भेजे गए

Oil Theft Gang Salaslai News : शाजापुर/सलसलाई (संवाददाता, किशोर नाथ राजगुरु): शाजापुर जिले की सलसलाई पुलिस ने ट्रांसफार्मर से ऑयल चोरी करने वाली एक शातिर गैंग का भंडाफोड़ किया है। गुरुवार को पुलिस ने मामले में फरार चल रहे शेष दो और आरोपियों को गिरफ्तार करने में सफलता हासिल की है। इस कार्रवाई के साथ ही अब तक इस मामले में कुल चार आरोपी पुलिस की गिरफ्त में आ चुके हैं। गिरफ्तार किए गए नए आरोपियों की पहचान जमील अल्बासी उर्फ पप्पू (40) और अरशद उर्फ भय्यू (20) के रूप में हुई है, जिन्हें न्यायालय में पेश करने के बाद जेल भेज दिया गया है।

पूरा मामला बीती 7 फरवरी का है, जब अज्ञात चोरों ने खरसोदा और चौकी मुरादाबाद के जंगलों में लगे बिजली विभाग के ट्रांसफार्मरों को निशाना बनाते हुए उनका कीमती तेल चोरी कर लिया था। इस संबंध में थाना सलसलाई में मामला दर्ज कर जांच शुरू की गई थी। पुलिस अधीक्षक यशपाल सिंह राजपूत के निर्देश पर गठित विशेष टीम ने थाना प्रभारी जनक सिंह रावत के नेतृत्व में कार्रवाई करते हुए पहले दो आरोपियों आमिर और असलम को पकड़ा था, जिनसे मिली जानकारी के आधार पर आज जमील और अरशद की भी गिरफ्तारी की गई।

पुलिस पूछताछ में चौंकाने वाला खुलासा हुआ है कि यह गैंग ट्रांसफार्मर से चोरी किया गया महंगा ऑयल स्थानीय बाजार में खपाता था। आरोपी इस तेल को आसपास के जेसीबी, पोकलेन और हार्वेस्टर संचालकों को कम दामों में बेच देते थे। पुलिस के अनुसार, यह गिरोह जिले के अन्य क्षेत्रों में भी तेल चोरी की वारदातों को अंजाम देने की योजना बना रहा था। आरोपियों के पास से वारदात में इस्तेमाल की गई जायलो कार (एमपी 09 बीसी 1453) और 141 लीटर चोरी का ऑयल बरामद किया गया है।

पुलिस द्वारा जब्त किए गए सामान की कुल कीमत 5 लाख 16 हजार 920 रुपये आंकी गई है। इसमें 5 लाख रुपये की कार और ₹16,920 मूल्य का ट्रांसफार्मर ऑयल शामिल है। इस महत्वपूर्ण खुलासे में थाना प्रभारी जनक सिंह रावत और उनकी पूरी टीम की सराहनीय भूमिका रही। पुलिस अब यह पता लगाने का प्रयास कर रही है कि इस नेटवर्क से जुड़े अन्य लोग कौन हैं और उन्होंने अब तक किन-किन क्षेत्रों में ऐसी चोरियों को अंजाम दिया है।

Share The News

LEAVE A REPLY

Please enter your comment!
Please enter your name here