Singrauli News : सिंगरौली। मध्य प्रदेश के सिंगरौली जिले में सरकारी तंत्र की लापरवाही और भ्रष्टाचार की हद पार कर देने वाला मामला सामने आया है। देवसर जनपद की नौढ़िया ग्राम पंचायत में लगभग 6 लाख रुपये की लागत से एक पुल का निर्माण तो कर दिया गया, लेकिन हैरानी की बात यह है कि यह पुल न तो किसी नदी पर बना है और न ही नाले पर, बल्कि सीधे खेत के बीचों-बीच खड़ा कर दिया गया है। सबसे बड़ी विडंबना यह है कि इस पुल तक पहुंचने का कोई रास्ता ही नहीं है, न सड़क है और न ही इसके आसपास कोई पगडंडी।
Singrauli News : स्थानीय ग्रामीणों का कहना है कि उन्होंने जब इस अव्यवस्थित और बेकार निर्माण को देखा तो पहले पंचायत और प्रशासनिक अधिकारियों को शिकायत की, लेकिन कोई सुनवाई नहीं हुई। मजबूरन ग्रामीणों ने पुल की तस्वीरें और वीडियो सोशल मीडिया पर वायरल कर दिए। इसके बाद यह मामला तेजी से सुर्खियों में आ गया है और लोगों में आक्रोश फैल गया है।
ग्रामीणों का कहना है कि “यह पुल भ्रष्टाचार की खुली बानगी है। जहां पुल की जरूरत नहीं, वहां लाखों रुपये खर्च कर जनता की आंखों में धूल झोंकी जा रही है। यह निर्माण सिर्फ अधिकारियों और ठेकेदारों की जेब भरने के लिए किया गया है।”
अब सवाल यह उठता है कि बिना योजना, बिना मार्गदर्शन और बिना उपयोगिता के यह पुल आखिर किसके आदेश पर और किसकी निगरानी में बना? स्थानीय प्रशासन फिलहाल चुप्पी साधे बैठा है, लेकिन गांव में आक्रोश का माहौल है। ग्रामीणों ने चेतावनी दी है कि यदि इस भ्रष्टाचार पर शीघ्र कार्रवाई नहीं हुई तो वे जन आंदोलन करेंगे।













