Sidhi Crime Accidental Firing : सीधी/रीवा। सीधी जिले के चुरहट थाना अंतर्गत मवई गांव में पुत्र रत्न की प्राप्ति के उपलक्ष्य में आयोजित एक जश्न उस समय मातम में बदल गया, जब हर्ष फायरिंग के दौरान चली एक गोली 21 वर्षीय युवती के पेट में जा धंसी। गंभीर रूप से घायल युवती को रीवा के संजय गांधी अस्पताल में भर्ती कराया गया था, जहां मंगलवार सुबह उपचार के दौरान उसकी मौत हो गई। इस पूरी घटना का एक वीडियो भी सामने आया है, जिसमें गोली चलने की आवाज और उसके बाद मची अफरा-तफरी साफ देखी जा सकती है।
क्या है पूरा मामला? मृतक युवती रितिका सिंह (21 वर्ष), रीवा जिले के गोविंदगढ़ थाना क्षेत्र अंतर्गत पिपरा गांव की निवासी थी। वह अपने भाई के साथ अपनी बहन के यहाँ पुत्र जन्मोत्सव के कार्यक्रम में शामिल होने सीधी गई थी। जैसे ही कार्यक्रम की शुरुआत हुई, मवई गांव निवासी ऋषि सिंह बघेल के हाथ में मौजूद 12 बोर की पंप एक्शन गन से अचानक गोली चल गई, जो सीधे रितिका के पेट में लगी।
वीडियो में कैद हुआ खूनी खेल गोली चलने के बाद मौके पर कोहराम मच गया। युवती लहूलुहान होकर जमीन पर गिर पड़ी और आरोपी ऋषि सिंह बघेल मौके से फरार हो गया। इस पूरी घटना का एक वीडियो वायरल हो रहा है, जिसमें जश्न के माहौल के बीच अचानक बंदूक की तेज आवाज सुनाई देती है और फिर चीख-पुकार मच जाती है।
अस्पताल में तोड़ा दम घटना के तुरंत बाद परिजनों ने रितिका को संजय गांधी अस्पताल, रीवा में भर्ती कराया था। सीएमओ डॉ. शैलजा सोनी ने बताया कि गन शॉट के कारण युवती की हालत बेहद गंभीर थी, जिसकी वजह से मंगलवार सुबह इलाज के दौरान उसकी मौत हो गई।
परिजनों का छलका दर्द मृतक युवती के चाचा अजीत सिंह गहरवार ने बताया कि परिवार खुशियां मनाने गया था, लेकिन लापरवाही और अवैध हथियारों के प्रदर्शन ने रितिका की जान ले ली। पुलिस ने मामला दर्ज कर लिया है और आरोपी की तलाश तेज कर दी है।










