Friday, September 11, 2026
Home Madhya Pradesh Datia Bypoll: दतिया उपचुनाव में शिवराज का दिखा ‘मामा’ वाला अंदाज, समर्थक...

Datia Bypoll: दतिया उपचुनाव में शिवराज का दिखा ‘मामा’ वाला अंदाज, समर्थक ने कहा ‘आई लव यू’, मंच से बोले- ‘लव यू टू’, फिर उड़ाया फ्लाइंग किस

Datia Bypoll: दतिया। दतिया विधानसभा उपचुनाव के लिए भारतीय जनता पार्टी ने चुनाव प्रचार पूरी ताकत के साथ तेज कर दिया है। इसी कड़ी में रविवार को केंद्रीय कृषि मंत्री एवं मध्य प्रदेश के पूर्व मुख्यमंत्री शिवराज सिंह चौहान भाजपा प्रत्याशी आशुतोष तिवारी के समर्थन में दतिया पहुंचे। यहां आयोजित विशाल जनसभा में शिवराज सिंह चौहान का वही पुराना और आत्मीय अंदाज देखने को मिला, जिसने वर्षों तक उन्हें प्रदेश में ‘मामा’ के रूप में लोकप्रिय बनाए रखा।

सभा के दौरान मंच पर पहुंचते ही समर्थकों ने जोरदार नारेबाजी शुरू कर दी। पूरा पंडाल ‘मामा-मामा’ और ‘शिवराज सिंह जिंदाबाद’ के नारों से गूंज उठा। इसी बीच भीड़ में मौजूद एक युवक ने जोर से कहा, “आई लव यू मामा…”। समर्थक की यह आवाज सुनते ही शिवराज सिंह मुस्कुराए और बिना देर किए मंच से ही जवाब दिया, “लव यू टू…”। इतना ही नहीं, उन्होंने समर्थकों की ओर फ्लाइंग किस भी उछाल दी। उनका यह अंदाज देखते ही सभा में मौजूद हजारों लोग तालियों और जयघोष से गूंज उठे।

‘आप लोगों से मिलने का मन कर रहा था, क्या आपको भी मेरी याद आती थी?’

समर्थकों के उत्साह को देखकर शिवराज सिंह चौहान भी भावुक नजर आए। उन्होंने मंच से कहा,”आप सबसे मिलने का बहुत मन कर रहा था। भारतीय जनता पार्टी का धन्यवाद, जिसने मुझे आप लोगों के बीच आने का अवसर दिया। क्या आपको भी मेरी याद आती थी?”उनके इतना कहते ही सभा में मौजूद लोगों ने जोरदार तालियों और नारों से जवाब दिया। समर्थकों का उत्साह देखकर शिवराज भी मुस्कुराते नजर आए।

Datia Bypoll: दतिया उपचुनाव से पहले चुनाव आयोग का बड़ा फैसला 7 पुलिस अधिकारियों का तबादला, 3 थाना प्रभारी PHQ अटैच, निष्पक्ष मतदान की तैयारी तेज

फिल्मी गीत गुनगुनाकर बटोरी सुर्खियां

अपने भाषण के दौरान शिवराज सिंह चौहान ने माहौल को और भी खुशनुमा बना दिया। उन्होंने अचानक एक फिल्मी गीत की पंक्तियां गुनगुनाईं—

“तुमसे मिलने को दिल करता है रे बाबा…”

Datia Bypoll: जैसे ही उन्होंने गीत गाया, पूरा सभा स्थल तालियों की गड़गड़ाहट से गूंज उठा। समर्थकों ने भी मुस्कुराते हुए उनका अभिवादन किया। चुनावी मंच पर उनका यह अंदाज लोगों के बीच चर्चा का विषय बन गया।

‘राजनीति सत्ता के लिए नहीं, जनता की सेवा के लिए है’

जनसभा को संबोधित करते हुए शिवराज सिंह चौहान ने कहा कि भारतीय जनता पार्टी की राजनीति केवल सत्ता हासिल करने के लिए नहीं है, बल्कि समाज और राष्ट्र की सेवा के लिए है।उन्होंने कहा,”राजनीति हमारे लिए न तो शौक है और न ही कोई व्यवसाय। राजनीति हमारे लिए जनता की सेवा का माध्यम है। हमारा लक्ष्य राष्ट्र निर्माण, गरीबों का कल्याण और प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी के नेतृत्व में विकसित भारत का निर्माण करना है।”उन्होंने भाजपा सरकार की जनकल्याणकारी योजनाओं का उल्लेख करते हुए कहा कि सरकार अंतिम व्यक्ति तक विकास पहुंचाने के संकल्प के साथ काम कर रही है।

भाजपा प्रत्याशी के लिए मांगा समर्थन

Datia Bypoll: शिवराज सिंह चौहान ने अपने संबोधन के दौरान भाजपा प्रत्याशी आशुतोष तिवारी के पक्ष में मतदान करने की अपील भी की। उन्होंने कहा कि दतिया के विकास की गति को बनाए रखने और क्षेत्र को नई ऊंचाइयों तक पहुंचाने के लिए भाजपा प्रत्याशी को भारी मतों से विजयी बनाना जरूरी है।उन्होंने विश्वास जताया कि दतिया की जनता एक बार फिर भारतीय जनता पार्टी पर भरोसा जताएगी और विकास के पक्ष में अपना मतदान करेगी।

Ladli Behna Yojana: 39वीं किस्त का इंतजार खत्म कब होगा? जानिए किस तारीख तक खाते में आएंगे ₹1250, ऐसे मिनटों में चेक करें पेमेंट स्टेटस

उपचुनाव में प्रचार हुआ तेज

दतिया उपचुनाव को लेकर भाजपा और कांग्रेस दोनों ने प्रचार अभियान तेज कर दिया है। बड़े नेताओं की लगातार सभाएं और रोड शो आयोजित किए जा रहे हैं। ऐसे में शिवराज सिंह चौहान की यह जनसभा और उनका आत्मीय अंदाज चुनावी माहौल में चर्चा का केंद्र बन गया है। ‘लव यू टू’ और फ्लाइंग किस वाला उनका वीडियो भी सोशल मीडिया पर तेजी से वायरल हो रहा है।

Share The News

LEAVE A REPLY

Please enter your comment!
Please enter your name here