Niwari Crime: निवाड़ी (ग्राम उबौरा)/देवेश गुप्ता: निवाड़ी जिले के ग्राम उबौरा से हैरान करने वाली खबर सामने आ रही है। यहां बेखौफ चोरों ने पुलिस की रात्रि गश्त की पोल खोलकर रख दी है। उबौरा नगर में एक बार फिर चोरों ने एक बड़ी वारदात को अंजाम दिया है, जिससे पूरे इलाके में दहशत का माहौल है।
बुधवार और गुरुवार की दरम्यानी रात उबौरा में चोरों ने हरीराम अहिरवार के घर को अपना निशाना बनाया। चोरों के हौसले इतने बुलंद थे कि वे घर से 40 हजार रुपये नकद और सोने-चांदी के कीमती आभूषण तो ले ही गए, लेकिन हैरानी की बात यह है कि चोर घर से पूरा का पूरा संदूक ही उठा ले गए। शातिर चोरों ने घर से दूर, बस स्टैंड के पास ले जाकर इत्मीनान से संदूक का ताला तोड़ा और सारा माल पार कर दिया।”
आपको बता दें कि उबौरा में चोरी की यह कोई पहली घटना नहीं है। कुछ ही दिन पहले चोरों ने मुन्नू यादव के घर पर भी धावा बोला था, जहां से वे करीब 10 किलो घी चुरा ले गए थे। लगातार हो रही इन वारदातों से साफ पता चलता है कि इलाके में चोरों को पुलिस का कोई खौफ नहीं रह गया है। फिलहाल, पीड़ित हरीराम अहिरवार ने तरीचर कला पुलिस चौकी में शिकायत दर्ज करा दी है और पुलिस अब इन अज्ञात चोरों की सरगर्मी से तलाश कर रही है।”
Niwari Crime: लेकिन, चोरी की इन बढ़ती वारदातों को देखते हुए अब उबौरा नगर के लोगों का गुस्सा भी फूट पड़ा है। सुरक्षा को लेकर चिंतित ग्रामीणों ने प्रशासन से मांग की है कि नगर के प्रमुख चौराहों पर जल्द से जल्द सीसीटीवी (CCTV) कैमरे लगाए जाएं ताकि इन वारदातों पर लगाम लग सके। अब देखना यह होगा कि तरीचर कला पुलिस इन शातिर चोरों को कब तक सलाखों के पीछे पहुंचा पाती है।