नई दिल्ली। मुख्यमंत्री रेखा गुप्ता पर हुए हमले के बाद दिल्ली सरकार ने पुलिस और जेल प्रशासन में बड़ा फेरबदल किया है। इस हमले के महज 24 घंटे के भीतर ही राजधानी के शीर्ष पदों पर तैनात अधिकारियों को बदला गया है।
तिहाड़ जेल के डीजी सतीश गोलचा को दिल्ली का नया पुलिस कमिश्नर नियुक्त किया गया है। उन्होंने 1988 बैच के आईपीएस अधिकारी एस.डी.के. सिंह की जगह ली है, जिन्हें 21 दिन पहले ही पुलिस कमिश्नर का अतिरिक्त प्रभार मिला था।
Read News : Breaking Indore : बेलगाम नगर निगम वाहन ने मां-बेटी को कुचला, कई वाहन टकराए
गोलचा के पद संभालने के बाद खाली हुए तिहाड़ जेल डीजी का पद एस.बी.के. सिंह को दिया गया है। एस.बी.के. सिंह भी 1988 बैच के वरिष्ठ अधिकारी हैं और अपने 30 साल के लंबे करियर में दिल्ली पुलिस, रॉ, अरुणाचल प्रदेश और पुदुचेरी में अहम पदों पर सेवाएं दे चुके हैं। उन्हें तकनीक, ईमानदारी और रणनीतिक दृष्टिकोण के लिए जाना जाता है।
वहीं, दिल्ली पुलिस होम गार्ड्स के डीजी का पद खाली होने पर सरकार ने तेज़ी से निर्णय लेते हुए 1991 बैच की आईपीएस अधिकारी नुजहत हुसैन को नई जिम्मेदारी सौंपी है। वह अब तक दिल्ली पुलिस में स्पेशल सीपी के पद पर कार्यरत थीं।
गौरतलब है कि 20 अगस्त को जनसुनवाई के दौरान सीएम रेखा गुप्ता पर उनके आवास पर हमला हुआ था। इसके बाद न केवल उनकी सुरक्षा बढ़ाई गई है बल्कि शीर्ष पदों पर बैठे अफसरों की जिम्मेदारियों में भी फेरबदल कर दिया गया है।











