Seoni Crime News : सिवनी, मध्य प्रदेश। मध्य प्रदेश के सिवनी जिले में एक चौंकाने वाली घटना सामने आई है, जहां सरकारी नौकरी दिलाने के नाम पर ठगी करने वाले एक युवक ने पैसे वापस मांगने पर एक दंपति पर हमला किया और फिर खुद भी आत्महत्या कर ली।
Seoni Crime News : पुलिस के मुताबिक, अर्शित वर्मा नाम के एक युवक ने सिवनी के रहने वाले श्रद्धा और प्रकाश ठाकुर दंपति से सरकारी नौकरी दिलाने के नाम पर 10 लाख रुपये ठग लिए थे। आरोपी ने दंपति को जबलपुर तक ले जाकर जॉइनिंग का बहाना बनाया, लेकिन जब महिला की नौकरी नहीं लगी तो दंपति ने अपने पैसे वापस मांगे।
इसी बात को लेकर विवाद इतना बढ़ गया कि सिवनी के कोतवाली थाना क्षेत्र में साईं मंदिर के पास अर्शित वर्मा ने कार में बैठे दंपति पर चाकू से हमला कर दिया, जिससे वे गंभीर रूप से घायल हो गए। इस हमले के तुरंत बाद, आरोपी अर्शित वर्मा ने खुद का गला रेतकर आत्महत्या कर ली।
घटना की जानकारी मिलते ही पुलिस मौके पर पहुंची और घायल दंपति को अस्पताल में भर्ती कराया, जहां उनका इलाज चल रहा है। वहीं, मृतक अर्शित वर्मा के शव को पोस्टमार्टम के लिए भेजकर पुलिस ने मामले की जांच शुरू कर दी है। इस घटना से पूरे इलाके में दहशत का माहौल है।











