Sehore Breaking : सीहोर(सुनील शर्मा)। सीहोर जिले की रेहटी थाना पुलिस ने ग्राम खैरी में वाहनों से हुए बड़े पैमाने पर डीज़ल चोरी के एक मामले का खुलासा करते हुए तीन आरोपियों को गिरफ्तार किया है। पुलिस ने आरोपियों के कब्जे से चोरी किया गया 200 लीटर डीज़ल और घटना में इस्तेमाल की गई एक महिन्द्रा स्कॉर्पियो वाहन (अनुमानित कीमत 2 लाख रुपये) जब्त की है। यह कार्रवाई पुलिस अधीक्षक दीपक कुमार शुक्ला, अतिरिक्त पुलिस अधीक्षक सुनीता रावत और एसडीओपी बुदनी रवि शर्मा के निर्देशन में की गई।
Sehore Breaking : यह मामला तब सामने आया जब फरियादी श्रीराम बकोरिया, निवासी खैरी, ने रिपोर्ट दर्ज कराई। उन्होंने बताया कि रात्रि के समय उनके डम्पर क्रमांक MP04 HE 5547 के साथ-साथ समीप खड़े हार्वेस्टर और वर्धमान कम्पनी की एक बस से भी भारी मात्रा में डीज़ल चोरी हुआ था। रिपोर्ट के अनुसार, डम्पर से 120 लीटर, हार्वेस्टर से 200 लीटर, बस से 70 लीटर और एक कमरे से 50 लीटर डीज़ल चोरी किया गया था, यानी कुल 440 लीटर डीजल की चोरी हुई थी। थाना रेहटी द्वारा तत्काल अपराध क्रमांक 558/2025 धारा 331(4), 305-A BNS के तहत मामला दर्ज कर जांच शुरू की गई।
Sehore Breaking : जांच के दौरान, पुलिस टीम को मुखबिर से मिली सटीक सूचना और घटनास्थल से प्राप्त सीसीटीवी फुटेज के आधार पर बड़ी कामयाबी मिली। पुलिस टीम ने ग्राम सगोनिया के आगे भोपाल रोड पर एक काली स्कॉर्पियो (MP13 C 5601) को रोका। वाहन की तलाशी लेने पर उसमें तीन युवक सवार थे, जिनके पास रखी केनों में चोरी का डीज़ल पाया गया। पूछताछ में तीनों आरोपियों—पिपलई निवासी खालिद खान, शाकिब खान और बहेड़ (अंडोल) निवासी हेमन्त लोधी—ने चोरी की घटना को अंजाम देना स्वीकार किया।
Sehore Breaking : पुलिस टीम की मुस्तैदी के चलते इस अंतरराज्यीय गिरोह का पर्दाफाश हुआ। पुलिस ने आरोपियों के पास से 200 लीटर चोरी का डीज़ल बरामद किया है और स्कॉर्पियो वाहन को भी जब्त कर लिया है। इस सफल कार्रवाई में थाना प्रभारी निरीक्षक राजेश कहारे, उपनिरीक्षक महेश धुर्वे, सउनि सुमेर सिंह उइके, और प्रधान आरक्षकों व आरक्षकों की टीम ने महत्वपूर्ण भूमिका निभाई। पुलिस अब यह पता लगा रही है कि क्या ये आरोपी अन्य जिलों में भी इसी प्रकार की चोरी की घटनाओं में शामिल रहे हैं।













