रीवा: सोमवार की देर रात रीवा जिले के समान थाना क्षेत्र अंतर्गत स्कीम-6 कॉलोनी में उस समय अफरा-तफरी मच गई, जब एक युवक ने आत्मघाती कदम उठाते हुए खुद को गोली मार ली। घटना के दौरान युवक ने मुंह में हथियार की नाल रखकर फायर किया, जिससे वह गंभीर रूप से घायल हो गया।
गोली की आवाज सुनते ही पहुंचे परिजन
बताया जा रहा है कि गोली चलने की तेज आवाज सुनते ही परिजन और आसपास के लोग मौके पर पहुंचे। उन्होंने देखा कि युवक खून से लथपथ हालत में पड़ा हुआ था। आनन-फानन में परिजनों द्वारा उसे इलाज के लिए एक निजी अस्पताल ले जाया गया, जहां डॉक्टरों ने उसकी गंभीर स्थिति को देखते हुए तुरंत वेंटिलेटर पर रखा।
Read More : M.P Crime : कोचिंग सेंटर के बाहर गाली-गलौज का आरोप, CCTV नहीं बल्कि मोबाइल वीडियो बना सबूत
वेंटिलेटर पर चल रहा है इलाज
अस्पताल सूत्रों के अनुसार युवक की हालत बेहद नाजुक बनी हुई है। डॉक्टरों की टीम लगातार निगरानी में इलाज कर रही है। गोली सिर और मुंह के हिस्से में लगने के कारण गंभीर आंतरिक चोटें आई हैं।
घायल युवक की पहचान प्रतीक सिंह के रूप में हुई
पुलिस ने घायल युवक की पहचान प्रतीक सिंह के रूप में की है। घटना की जानकारी मिलते ही समान थाना पुलिस मौके पर पहुंची और घटनास्थल का निरीक्षण किया। पुलिस ने हथियार को जब्त कर लिया है और मामले की जांच शुरू कर दी है।
आत्मघाती कदम के कारणों की जांच जारी
फिलहाल युवक द्वारा आत्महत्या के प्रयास के पीछे के कारण स्पष्ट नहीं हो पाए हैं। पुलिस परिजनों और करीबी लोगों से पूछताछ कर रही है। साथ ही यह भी जांच की जा रही है कि हथियार लाइसेंसी था या अवैध।













