Retired Army Jawan : जबलपुर। रांझी थाना क्षेत्र में सेना में भर्ती के नाम पर ठगी का चौंकाने वाला मामला सामने आया है। इस ठगी का मास्टरमाइंड और कोई नहीं, बल्कि खुद सेना से रिटायर्ड जवान निकला है। आरोपी ने लोगों को आर्मी की वर्दी पहनने और देशसेवा का सपना दिखाकर लाखों की ठगी कर डाली।
Read More : No helmet, no petrol : जबलपुर में ‘नो हेलमेट-नो पेट्रोल’ अभियान की खुली अनदेखी, नियम के नाम पर दिखावा
पुलिस ने बताया कि आरोपी का नाम राजेश कुमार राजभर है, जो सेना से लांस नायक पद से रिटायर्ड है। आरोपी लोगों को भारतीय सेना में नियुक्ति का झांसा देता था और इसके लिए फर्जी दस्तावेज तैयार करता था। वह प्रत्येक अभ्यर्थी से मोटी रकम वसूल करता था।
मिलिट्री इंटेलिजेंस की सतर्कता के चलते यह मामला उजागर हुआ। आरोपी के पास से आर्मी के फर्जी ज्वाइनिंग लेटर, राउंड स्टांप और अन्य कागजात बरामद किए गए हैं। अब तक की जांच में 11 लोगों से कुल 45 लाख रुपये ठगे जाने की बात सामने आई है।
मिलिट्री इंटेलिजेंस ने आरोपी को पकड़कर रांझी थाना पुलिस को सौंप दिया है। पुलिस का कहना है कि अब तक 4 लोग शिकायत लेकर सामने आए हैं और अन्य पीड़ितों की तलाश की जा रही है।
“आरोपी रिटायर्ड जवान है और लोगों को आर्मी में भर्ती कराने का झांसा देकर धोखाधड़ी कर रहा था। अब तक लाखों रुपये की ठगी सामने आई है, मामले की जांच जारी है।”
— आकांक्षा उपाध्याय, उप पुलिस अधीक्षक











