जबलपुर। दीपावली पर्व के अवसर पर पटाखों की बिक्री के लिए लगाए गए अस्थायी बाजारों में सुरक्षा व्यवस्था सुनिश्चित करने हेतु पुलिस प्रशासन सक्रिय नजर आ रहा है। इसी क्रम में रांझी सीएसपी सतीश साहू ने शनिवार को बड़ा पत्थर क्षेत्र स्थित फटाका बाजार का निरीक्षण किया। निरीक्षण के दौरान उनके साथ थाना रांझी का पूरा पुलिस स्टाफ मौजूद रहा।
सीएसपी सतीश साहू ने बाजार में पहुंचकर प्रत्येक दुकान का निरीक्षण किया और वहां की सुरक्षा व्यवस्था का जायजा लिया। उन्होंने दुकानदारों को फायर सेफ्टी उपकरणों की उपलब्धता सुनिश्चित करने के निर्देश दिए। साथ ही चेतावनी दी कि यदि किसी दुकान में सुरक्षा इंतजाम अधूरे पाए गए तो उनके खिलाफ कार्रवाई की जाएगी।
Read More : Rewa : धनतेरस पर अमहिया पुलिस ने लौटाई खुशियां, लोगों को मिले लंबे समय से गुम मोबाइल फोन
निरीक्षण के दौरान उन्होंने दुकानदारों को स्पष्ट रूप से कहा कि दुकानों में पानी की बाल्टियां, रेता की बोरी और अग्निशामक यंत्र (फायर एक्सटिंग्विशर) अनिवार्य रूप से रखे जाएं। इसके साथ ही बाजार में उचित दूरी बनाकर पटाखों की दुकानें लगाने और ग्राहकों की भीड़ नियंत्रित रखने के निर्देश दिए गए।
सीएसपी ने फायर सेफ्टी उपकरणों की वैधता तिथि की भी जांच की और दुकानदारों से यह सुनिश्चित करने को कहा कि सभी उपकरण चालू हालत में हों। उन्होंने कहा कि दीपावली के मौके पर किसी भी तरह की लापरवाही से बड़ी दुर्घटना हो सकती है, इसलिए सुरक्षा मानकों का कड़ाई से पालन जरूरी है।
Read More : IND vs AUS: ऑस्ट्रेलिया में भारत का वनडे रिकॉर्ड कमजोर, लेकिन सीरीज जीतकर बराबरी की कोशिश में टीम इंडिया
निरीक्षण के दौरान रांझी पुलिस टीम ने दुकानदारों को सावधानी बरतने, ज्वलनशील पदार्थों को सुरक्षित स्थान पर रखने और बच्चों को पटाखों की दुकानों से दूर रखने की अपील भी की।
पुलिस प्रशासन की यह पहल लोगों की सुरक्षा के प्रति सजगता और जिम्मेदारी का संदेश देती है। सीएसपी ने कहा कि त्योहारी माहौल में खुशी तभी बनी रह सकती है, जब सभी लोग सुरक्षा नियमों का पालन करते हुए सावधानी से उत्सव मनाएं।













