रायपुर : छत्तीसगढ़ में कुख्यात नक्सली माडवी हिडमा के एनकाउंटर के बाद सोशल मीडिया पर उसकी प्रशंसा करना एक यू-ट्यूबर को भारी पड़ गया। हिडमा का महिमामंडन करते हुए भड़काऊ वीडियो पोस्ट करने के मामले में पुलिस ने संबंधित यू-ट्यूबर के खिलाफ गैरकानूनी गतिविधि (रोकथाम) अधिनियम – UAPA के तहत केस दर्ज किया है।
सोशल मीडिया पर वायरल हुआ भड़काऊ वीडियो
पुलिस अधिकारियों के अनुसार, “कला टीवी” नामक यूट्यूब चैनल पर करीब 5 मिनट 20 सेकंड का एक वीडियो अपलोड किया गया था। वीडियो का शीर्षक “हिडमा स्मृति” रखा गया था, जिसमें माडवी हिडमा को महान बताने की कोशिश की गई। यह वीडियो तेजी से सोशल मीडिया प्लेटफॉर्म्स पर वायरल हो गया।

सुरक्षा बलों और सरकार पर उठाए गए सवाल
जांच में सामने आया है कि वीडियो में न सिर्फ नक्सली हिडमा का महिमामंडन किया गया, बल्कि सुरक्षा बलों की कार्रवाई और केंद्र सरकार की नीतियों पर भी सवाल खड़े किए गए। पुलिस का मानना है कि इस तरह के कंटेंट से समाज में भ्रम फैलाने और नक्सल विचारधारा को बढ़ावा देने का प्रयास किया गया।
Read More : M.P Crime : दतिया में लड़की को बीच सड़क पर मारी गोली! आरोपी शादीशुदा युवक ने खुद को भी गोली से उड़ाया
एसआईए की निगरानी समिति ने की कार्रवाई
एसआईए (SIA) की सोशल मीडिया निगरानी समिति ने वीडियो को देशविरोधी और भड़काऊ मानते हुए तत्काल ब्लॉक कराने की कार्रवाई की। समिति की ओर से इस संबंध में औपचारिक शिकायत भी दर्ज कराई गई है।
नक्सलियों को उकसाने की साजिश का आरोप
पुलिस का कहना है कि इस वीडियो के जरिए मुख्यधारा में लौट रहे नक्सलियों को दोबारा उकसाने और भड़काने की कोशिश की गई है। यही कारण है कि मामले को गंभीर मानते हुए UAPA के तहत प्रकरण दर्ज किया गया।
आईपी एड्रेस के आधार पर आरोपी की तलाश
फिलहाल पुलिस आरोपी यू-ट्यूबर की पहचान आईपी एड्रेस और डिजिटल फुटप्रिंट के जरिए कर रही है। जल्द ही आरोपी को गिरफ्तार किए जाने की संभावना जताई जा रही है।













