गौरी शंकर गुप्ता/घरघोड़ा। खेल और खिलाड़ियों को एक अंतरराष्ट्रीय मंच प्रदान करने के उद्देश्य से रायगढ़ जिले के घरघोड़ा में इस वर्ष ‘ओ पी जिंदल मेमोरियल ऑल इंडिया क्रिकेट प्रतियोगिता’ का 42वां संस्करण आयोजित होने जा रहा है। 15 जनवरी से 21 जनवरी 2026 तक चलने वाले इस महाकुंभ में देश के दिग्गज खिलाड़ी अपना जौहर दिखाएंगे।
रणजी खिलाड़ियों का जमावड़ा और ‘डग आउट’ की सुविधा: इस वर्ष की प्रतियोगिता की सबसे खास बात यह है कि घरघोड़ा स्टेडियम में खिलाड़ियों के लिए ‘डग आउट’ की व्यवस्था की गई है, जो आमतौर पर अंतरराष्ट्रीय मैचों और IPL में देखी जाती है। जिला क्रिकेट संघ के अध्यक्ष संतोष पाण्डेय ने बताया कि टीमों में रणजी ट्रॉफी और बोर्ड ट्रॉफी खेल चुके नामी खिलाड़ी हिस्सा ले रहे हैं। मैच टर्फ विकेट पर सफेद बॉल और कलर ड्रेस के साथ 35-35 ओवरों के नॉकआउट फॉर्मेट में खेले जाएंगे।
देशभर की टीमें लेंगी हिस्सा: इस प्रतिष्ठित टूर्नामेंट में रांची, राउरकेला, रायपुर, बृजराजनगर, रायगढ़, जशपुर, एनटीपीसी तिलाईपाली और ओ पी जिंदल क्रिकेट एकेडमी सहित कुल 10 प्रमुख टीमों को प्रवेश दिया गया है। आयोजन समिति के अध्यक्ष विजय शिशु सिन्हा और जिंदल पावर लिमिटेड तमनार के सहयोग से खिलाड़ियों को महानगरों जैसी सुविधाएं प्रदान की जा रही हैं। आयोजन को सफल बनाने के लिए मनोज बिस्वाल, उमेश शर्मा और उनकी पूरी टीम मैदान की तैयारियों में जुटी हुई है।











