Tuesday, September 22, 2026
Home Madhya Pradesh निवाड़ी: बीच सड़क पर युवती का हंगामा, प्रेमी से मिलने की जिद...

निवाड़ी: बीच सड़क पर युवती का हंगामा, प्रेमी से मिलने की जिद पर रोकी राहगीरों की रफ्तार

निवाड़ी : निवाड़ी जिले के पृथ्वीपुर कस्बे में देर शाम उस वक्त हंगामे की स्थिति बन गई, जब एक युवती ने बीच सड़क पर बैठकर जोरदार हंगामा शुरू कर दिया। युवती फूट-फूटकर रो रही थी और लगातार एक ही बात दोहरा रही थी—“दीपक को बुला दो, वो थाने में है, मुझे उससे मिला दो।” अचानक सड़क पर बैठे जाने से कुछ ही देर में यातायात बाधित हो गया और जाम जैसी स्थिति बन गई।

भीड़ जुटी, सवाल पूछते रहे लोग

युवती के हंगामे को देखकर आसपास के लोग मौके पर जमा हो गए। भीड़ युवती से बार-बार पूछती रही कि दीपक कौन है और वह कहां की रहने वाली है। इस पर युवती रोते हुए बताती रही कि वह पिछले नौ महीनों से दीपक के साथ रह रही है और उससे बहुत प्यार करती है। वह सिर्फ अपने प्रेमी से मिलने की जिद पर अड़ी रही।

सूचना पर पहुंची पुलिस, समझाइश के बाद थाने ले जाया गया

सड़क जाम की स्थिति को देखते हुए पृथ्वीपुर थाना पुलिस को सूचना दी गई। मौके पर पहुंची पुलिस ने युवती को काफी देर तक समझाने का प्रयास किया। काफी मशक्कत के बाद पुलिस उसे अपने साथ थाने ले गई, जिससे यातायात दोबारा सामान्य हो सका।

प्रेमी-प्रेमिका में हुआ था विवाद

पुलिस जांच में सामने आया कि युवती का नाम पूजा पाल है और वह दीपक पाल नाम के युवक से प्रेम करती है। दोनों निवाड़ी जिले के ही निवासी हैं। दीपक भोपाल के एक होटल में काम करता है। बताया गया कि दीपक अपनी प्रेमिका पूजा के साथ भोपाल से पृथ्वीपुर पहुंचा था, जहां किसी बात को लेकर दोनों के बीच विवाद हो गया। इसके बाद दीपक पूजा को छोड़कर वहां से चला गया।

थाने पहुंचे दोनों, कार्रवाई नहीं

कुछ देर बाद दीपक भी पृथ्वीपुर थाने पहुंच गया और पूजा को अपने साथ ले गया। पुलिस ने मामले को आपसी विवाद मानते हुए कोई कानूनी कार्रवाई नहीं की। हालांकि पुलिस ने प्रेमी युगल को सख्त हिदायत दी कि भविष्य में इस तरह सार्वजनिक जगहों पर हंगामा न करें, इसके बाद दोनों को थाने से जाने दिया गया।

Share The News

LEAVE A REPLY

Please enter your comment!
Please enter your name here