Narmadapuram Fire: नर्मदापुरम। शहर के मुख्य बाजार सतरस्ता में शनिवार-रविवार की दरमियानी रात करीब 1 बजे उस समय हड़कंप मच गया, जब पेट्रोल पंप से महज 10 कदम की दूरी पर स्थित दुकानों में अचानक भीषण आग भड़क उठी। देखते ही देखते आग की लपटें आसमान तक उठने लगीं। पेट्रोल पंप के बेहद करीब आग लगने से आसपास मौजूद लोगों में दहशत फैल गई। हालांकि पुलिस और फायर ब्रिगेड की तत्परता से आग को समय रहते काबू कर लिया गया और एक बड़ा हादसा टल गया।
रात में ऊंची लपटें देख मची अफरा-तफरी
आग इतनी तेज थी कि कुछ ही देर में दुकानों को अपनी चपेट में ले लिया। सूचना मिलते ही रात्रि गश्त पर मौजूद SDOP जितेंद्र पाठक और कोतवाली टीआई गौरव बुंदेला पुलिस बल के साथ मौके पर पहुंचे। आग की गंभीरता को देखते हुए तत्काल दमकल वाहनों को बुलाया गया।नर्मदापुरम नगरपालिका की 3 फायर ब्रिगेड के साथ इटारसी नगरपालिका और SPM की CISF यूनिट से भी दमकल वाहन मौके पर पहुंचे।
Rewa Road Issue: सड़क निर्माण में देरी पर भाजपा विधायक का 12 घंटे धरना, SDM-CEO बदलने पर बनी सहमति
JCB से शटर तोड़कर बुझाई गई आग
Narmadapuram Fire: आग पर काबू पाने के लिए पुलिस और दमकल टीम ने तत्काल मोर्चा संभाला। दुकानों के शटर बंद होने के कारण JCB की मदद से शटर तोड़े गए, जिसके बाद अंदर पानी की बौछार की गई।एहतियात के तौर पर आसपास के इलाके की बिजली भी बंद करा दी गई। पेट्रोल पंप पर मौजूद अग्निशामक यंत्रों का भी इस्तेमाल किया गया। पुलिस टीम, दमकल कर्मियों, स्थानीय लोगों और पार्षद राजेंद्र उपाध्याय के सहयोग से करीब एक घंटे की मशक्कत के बाद आग पर पूरी तरह काबू पाया जा सका।
पेट्रोल पंप तक पहुंच जाती आग तो हो सकता था बड़ा हादसा
जिस स्थान पर आग लगी, वह पेट्रोल पंप से बेहद करीब था। ऐसे में अगर आग समय रहते नियंत्रित नहीं होती और पेट्रोल पंप की दिशा में फैल जाती, तो स्थिति बेहद गंभीर हो सकती थी। पुलिस और दमकल टीम की तत्परता के चलते आग को आगे बढ़ने से रोक लिया गया।
5 दुकानें और 3 ठेले जलकर खाक
Narmadapuram Fire: इस अग्निकांड में नगर पालिका की ओर से रखवाए गए टपों में संचालित 5 छोटी दुकानें पूरी तरह जल गईं। इसके अलावा फुटपाथ पर ठेला लगाकर कारोबार करने वाले 3 विक्रेताओं का सामान भी आग की चपेट में आ गया।प्रारंभिक अनुमान के मुताबिक आग से 20 लाख रुपये से अधिक के नुकसान की आशंका जताई जा रही है।
राखी और बरसाती सामान भी जला
दुकानदार गौरव बागरी के मुताबिक उनकी दुकान में रखा करीब 10 लाख रुपये का सामान आग में जलकर नष्ट हो गया। वहीं ओम प्रकाश परमार की दुकान में रखी करीब 3 लाख रुपये की रक्षाबंधन की राखियां और लगभग 3 लाख रुपये की बरसाती पन्नी भी पूरी तरह जल गई।आग में दुकानदारों का सीजन का सामान जलने से उन्हें भारी आर्थिक नुकसान हुआ है।
शॉर्ट सर्किट की आशंका, जांच में जुटी पुलिस
Narmadapuram Fire: फिलहाल आग लगने का वास्तविक कारण स्पष्ट नहीं हो पाया है। प्रारंभिक तौर पर शॉर्ट सर्किट को आग लगने की संभावित वजह माना जा रहा है। पुलिस पूरे मामले की जांच कर रही है और आग लगने के कारणों के साथ नुकसान का भी आकलन किया जा रहा है।फिलहाल सबसे बड़ी राहत यही रही कि आग पेट्रोल पंप तक नहीं पहुंची, जिससे नर्मदापुरम के सतरस्ता क्षेत्र में संभावित बड़े हादसे को समय रहते टाल दिया गया।






