विकास सिंह बघेल/रीवा। चौरहटा थाना क्षेत्र अंतर्गत करहिया मंडी में पुलिस ने जुआ फड़ पर दबिश देकर चार आरोपियों से ताश के 52 पत्ते सहित 8,700 रुपये नकद जब्त करने का दावा किया है। हालांकि, मंडी के एक व्यवसायी ने दावा किया है कि छापे के दौरान फड़ में 50,000 रुपये से अधिक का जुआ चल रहा था, जिससे पुलिस की छोटी बरामदगी पर सवाल उठ रहे हैं।
रौसर निवासी धनेश मिश्रा नामक व्यवसायी, जो अपने कर्मचारी को छुड़ाने चौरहटा थाना पहुँचे थे, उन्होंने बताया कि दिवाली के अगले दिन ‘परिवा’ होने के कारण मंडी का कामकाज ठप था। मंडी के कई व्यवसायी दोपहर लगभग 11-12 बजे से परिसर में ही जुआ खेल रहे थे।
धनेश मिश्रा ने बताया कि अचानक शाम 7 से 8 बजे के बीच चौरहटा पुलिस मौके पर पहुँची और उसने मंडी के प्रवेश और निर्गम द्वार बंद करवा दिए। इसके बाद पुलिस ने जुआ फड़ में दबिश दी और लगभग 15 से 20 लोगों को उठा लिया और थाने ले गई।
जैसे ही फड़ से भागे एक लड़के ने धनेश मिश्रा को उनके कर्मचारी को पुलिस द्वारा उठाए जाने की सूचना दी, वे उसे छुड़ाने के लिए थाने चले आए। उन्होंने दावा किया, “जो मुझे बताया गया है, उसके मुताबिक फड़ में 50,000 रुपये से ऊपर का गेम चल रहा था।”
पुलिस ने जहाँ केवल 8,700 रुपये नकद और चार आरोपियों को पकड़ने का दावा किया है, वहीं मंडी के व्यवसायी द्वारा 50,000 रुपये से अधिक के गेम चलने का दावा पुलिस की कार्यवाही की गंभीरता और बरामदगी पर सवालिया निशान लगा रहा है। इस मामले में पुलिस की भूमिका पर अब स्थानीय स्तर पर चर्चाएं तेज हो गई हैं।













