Tuesday, August 18, 2026
Home Madhya Pradesh Bhopal Bhopal Instagram Murder Case : इंस्टाग्राम वाला इश्क और खौफनाक अंत: प्रेमी...

Bhopal Instagram Murder Case : इंस्टाग्राम वाला इश्क और खौफनाक अंत: प्रेमी ने गला घोंटकर सेप्टिक टैंक में फेंकी प्रेमिका की लाश

Bhopal Instagram Murder Case : भोपाल (15 फरवरी 2026): मध्य प्रदेश की राजधानी भोपाल के निशातपुरा थाना क्षेत्र में एक युवती की नृशंस हत्या का मामला उजागर हुआ है। पुलिस ने एक खाली भूखंड पर बने सेप्टिक टैंक से लोहे के बक्से में बंद एक युवती का शव बरामद किया है। मृतका की पहचान महाराष्ट्र के गोंदिया निवासी अशरफी उर्फ सिया के रूप में हुई है, जिसकी हत्या का आरोप उसके शादीशुदा प्रेमी समीर पर लगा है।

इंस्टाग्राम से शुरू हुई थी कहानी

पुलिस जांच के अनुसार, सिया और समीर की मुलाकात करीब एक साल पहले इंस्टाग्राम के जरिए हुई थी। बातचीत धीरे-धीरे प्यार में बदल गई और करीब तीन महीने पहले सिया अपना घर छोड़कर भोपाल में समीर के साथ रहने आ गई थी। समीर पहले से शादीशुदा था और उसके दो बच्चे भी थे। सिया के समीर के कमला नगर स्थित घर में रहने आने के बाद से ही घर में तनाव और कलह का माहौल बन गया था।

निकाह का दबाव और खूनी अंजाम

बताया जा रहा है कि सिया लगातार समीर पर निकाह करने का दबाव बना रही थी और ऐसा न करने पर पैसों की मांग कर रही थी। इसे लेकर समीर की पत्नी और सिया के बीच अक्सर विवाद होता रहता था। पुलिस को अंदेशा है कि पिछले सोमवार को हुए एक भीषण झगड़े के बाद गुस्से में आकर समीर ने सिया का गला घोंट दिया। हत्या के बाद समीर ने अपने भाई, मां और बहन की मदद से शव को एक लोहे की पेटी में बंद किया और रात के अंधेरे में पास के ही एक खाली प्लॉट के सेप्टिक टैंक में फेंक दिया।

ऐसे हुआ खुलासा

घटना का खुलासा तब हुआ जब टैंक के पास खेल रहे बच्चों को वहां से तेज बदबू आई। लोगों ने टैंक के भीतर एक टिन का बक्सा तैरता देख पुलिस को सूचना दी। एडिशनल डीसीपी (जोन 4) मलकीत सिंह ने बताया कि शव को पोस्टमार्टम के लिए भेज दिया गया है। पुलिस ने समीर के भाई, मां और बहन को गिरफ्तार कर लिया है, जबकि मुख्य आरोपी समीर अभी भी फरार है, जिसकी तलाश के लिए पुलिस टीमें गठित की गई हैं।

Share The News

LEAVE A REPLY

Please enter your comment!
Please enter your name here